चंदौसी के एसएम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दानवीर सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर उनसे मिलने पहुंचे छात्रों के बीच उन्होंने आपत्तिजनक बयान दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डॉ. दानवीर सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। यह घटना शनिवार को संभल जिले की कोतवाली चंदौसी स्थित एस.एम. डिग्री कॉलेज में हुई। छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर छात्र प्राचार्य डॉ. दानवीर सिंह के कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान प्राचार्य ने छात्रों के सामने यह बयान दिया। वायरल हो रही 30 सेकंड की वीडियो क्लिप में प्राचार्य कहते सुनाई दे रहे हैं, “यह सबसे निगाह मिलाकर यहां जो आया हूं वो मैं खुले दिल का हूं और मेरा खुला व्यक्तित्व है। दुष्कर्म जो करते हैं वह छुपकर करते हैं, मेरी तरह खुल्लम खुल्ला कोई दुष्कर्म नहीं करता है। मैं बहुत फ्रेंकली कह रहा हूं, चंदौसी छोटी मानसिकता का शहर है।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी अपने कॉलेज के छात्र-छात्राओं को घूमने से मना नहीं किया, लेकिन बाहर वालों के साथ घूमने से मना किया है। गौरतलब है कि डॉ. दानवीर सिंह को हाल ही में दोबारा कॉलेज का प्राचार्य बनाया गया है। इससे पहले प्राचार्य रहते हुए उन पर एक महिला प्रोफेसर ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस मामले में डॉ. दानवीर सिंह यादव और एक अन्य प्रोफेसर डॉ. प्रवीण कुमार के खिलाफ चंदौसी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। कॉलेज प्रबंधन समिति ने तब डॉ. दानवीर सिंह यादव और प्रोफेसर डॉ. प्रवीण कुमार को निलंबित कर जांच बैठा दी थी। हालांकि, अब डॉ. दानवीर सिंह बहाल होकर पुनः अपने पद पर काबिज़ हो गए हैं। इस कॉलेज के लिए संभल के जिलाधिकारी को प्राधिकृत नियंत्रक बनाया गया है। छात्रों के बीच विवादित बयान देने वाले प्राचार्य को लेकर डीएम संभल डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि इस मामले में प्राचार्य का स्पष्टीकरण लिया जाएगा, आखिर उन्होंने इस तरह की बात किस आधार पर की। यूपी की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी इसी चंदौसी विधानसभा से भाजपा की विधायक है।


