राजधानी के वीवीआईपी क्षेत्र श्यामला हिल्स स्थित मानस भवन के पास सोमवार सुबह 6 बजे से झुग्गियां हटाई जाएंगी। यहां करीब 27 झुग्गियां हैं, जिन्हें हटाने के लिए चार एसडीएम सहित 101 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। चार थानों का पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहेगा। यह अतिक्रमण कुल 31.5130 हेक्टेयर रकबे में से 5614 वर्ग फीट हिस्से पर वर्षों से है। इससे रास्ता भी संकरा हो गया है। मुख्यमंत्री निवास के बेहद करीब होने के चलते प्रशासन ने यहां से इस अतिक्रमण को हटाने का निर्णय लिया है। यहां के कब्जेधारियों को पहले ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मालीखेड़ी में फ्लैट आवंटित किए जा चुके हैं। प्रशासन ने इन्हें कई बार इन्हें नोटिस देकर जमीन खाली करने के निर्देश दिए और सामान शिफ्ट करने में सहयोग का भरोसा भी दिलाया था। बावजूद इसके लोग यहां से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद शहर एसडीएम ने 28 दिसंबर तक अतिक्रमण खाली करने का अल्टीमेटम दिया था। इस अल्टीमेटम में साफ कहा गया था कि ऐसा नहीं करने पर 29 दिसंबर को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। विस्थापित लोगों को दिए जाएंगे सरकारी मकान शहर एसडीएम दीपक पांडे ने बताया कि कब्जेधारियों को पर्याप्त समय दिया गया है। सोमवार सुबह नियत समय पर अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। यहां से विस्थापित किए जाने वाले लोगों के लिए सरकारी आवास भी दिलाया जाएगा। इसके लिए मानस भवन प्रबंधन ने 2-2 लाख रुपए प्रति परिवार जमा करा दिए हैं। इस बारे में विस्थापित किए जाने वाले लोगों को पहले ही जानकारी दी जा चुकी है। 1300 वर्गफीट में बनेगा राम संग्रहालय श्यामला हिल्स पर जिन 27 झुग्गियों को हटाया जा रहा है, उस जमीन पर करीब 1300 वर्ग फीट हिस्सा मानस भवन का है, जबकि शेष जमीन सरकारी है। अतिक्रमण हटने के बाद इस स्थान पर राम संग्रहालय बनाया जाएगा। इसके लिए लगभग 5 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है। इस संग्रहालय में भगवान राम के जीवन से जुड़ी वस्तुओं और संग्रह का प्रदर्शन किया जाएगा।


