कानपुर में बुधवार देर शाम कैंट थाना क्षेत्र के मैस्कर घाट के पास एक स्कोडा कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे माल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनवरगंज थाना क्षेत्र की फूल वाली गली निवासी मोइनुद्दीन सिद्दीकी स्कोडा कार चला रहे थे। वे कैंट से जाजमऊ की ओर जा रहे थे। वहीं, जाजमऊ निवासी बाइक सवार समीर कैंट की तरफ आ रहा था। मैस्कर घाट के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में समीर बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज निजी अस्पताल में जारी है। कैंट थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल समीर को माल रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


