अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर समाज में संघर्ष और सेवा की मिसाल बनी महिलाओं को सम्मानित किया गया। फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में ‘शी विल इंस्पायर’ संस्था ने एक समारोह आयोजित कर विभिन्न क्षेत्रों में प्रेरणादायक कार्य करने वाली छह महिलाओं को सम्मान दिया। कार्यक्रम में बताया गया कि इन महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने परिवार और समाज के लिए उल्लेखनीय काम कर नई मिसाल पेश की है। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष राशि गर्ग ने कहा कि ‘शी विल इंस्पायर’ का उद्देश्य उन महिलाओं को मंच देना है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। कार्यक्रम संयोजक डॉ. भास्कर ज्योति और पूजा लूथरा ने सम्मानित महिलाओं का परिचय कराते हुए उनके संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में बताया। समारोह में मूक-बधिर लोगों की आवाज बनकर काम कर रहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ऋषिका मिश्रा, स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली नजमा, संतोष और उषा, शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय श्यामा देवी सिकरवार तथा अपनी पाक कला से पहचान बनाने वाली रेनू शर्मा को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। ऋषिका मिश्रा साइन लैंग्वेज के माध्यम से सरकारी योजनाओं और जरूरी जानकारियों को दिव्यांग समुदाय तक पहुंचाती हैं। कई मामलों में मूक-बधिर महिलाओं और बच्चियों को न्याय दिलाने में भी वे पुलिस और न्यायालय में उनकी बात समझाने में मदद करती हैं। वहीं नजमा ने विपरीत परिस्थितियों में अपने बेटे की परवरिश कर उसे शिक्षित किया। संतोष ने 1999 में पति के निधन के बाद चार बच्चों को पालते हुए नर्सिंग स्टाफ के रूप में स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दिया। श्यामा देवी सिकरवार ने पति के निधन के बाद अकेले ही तीन बच्चों का पालन-पोषण कर उन्हें शिक्षित किया। जीवनी मंडी निवासी रेनू शर्मा पिछले 27 वर्षों से घरों में खाना बनाकर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। पति के निधन के बाद उन्होंने बेटियों की शादी कराई और बेटे को पढ़ाकर नौकरी तक पहुंचाया। नूरी दरवाजा निवासी उषा ने भी पति की मृत्यु के बाद छह बच्चों की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्हें पढ़ाया और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर महिला दिवस मनाया गया और सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दिव्या गुप्ता, डॉ. अंशिका सरकार, कृतिका खन्ना, मीनाक्षी किशोर, अदिति, कृषिका, आशिमा पुरी, कनिका, अंकिता माथुर, कीर्ति खंडेलवाल, दीक्षा असवानी, दीपिका, डॉ. सुनैना, तन्वी, पूजा असवानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


