सिवानी को मिली 30 हजार करोड़ की जल परियोजना:ताजेवाले हेड से आएंगी तीन बड़ी पानी की लाइनें; दूर होगी पेयजल समस्या

सिवानी को मिली 30 हजार करोड़ की जल परियोजना:ताजेवाले हेड से आएंगी तीन बड़ी पानी की लाइनें; दूर होगी पेयजल समस्या

भिवानी जिले के सिवानी क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने 30 हजार करोड़ रुपए की लागत से एक विशाल जल परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत ताजेवाले हेड से सिवानी तक तीन बड़ी पानी की लाइनें बिछाई जाएंगी। परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान करना है। इसके साथ ही एक नए सड़क मार्ग का भी निर्माण किया जाएगा। नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश केडिया, सिवानी मार्केट कमेटी के चेयरमैन संजय राहड़ और जिला पार्षद मुकेश डालमिया ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना पूरी होने के बाद सिवानी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल और सिंचाई का पानी मिलेगा। इससे आम जनता, किसानों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। सिवानी के विकास का मील का पत्थर प्रेस वार्ता के दौरान ब्लॉक के सभी सरपंच और ब्लॉक समिति सदस्य मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए इसे सिवानी के भविष्य के लिए एक मील का पत्थर बताया। उनका कहना था कि यह योजना क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देगी। सरकार और पूर्व मंत्री जेपी दलाल के प्रयासों का जताया आभार राजेश केडिया, चेयरमैन संजय राहड़ और अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर पूर्व मंत्री जेपी दलाल और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग और प्रयासों से ही यह बड़ी परियोजना सिवानी को मिल पाई है। यह योजना आने वाले वर्षों में क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देगी। लोगों ने बताया ऐतिहासिक कदम परियोजना की घोषणा के बाद सिवानी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इसे लंबे समय से चली आ रही जल समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम बताया। इस अवसर पर पार्षद प्रणव गोयल, विवेक सोनी, सोनू देहदू, कुलदीप बिंदल, ज्ञानी राम शर्मा, बलदेव ठेकेदार और सुनील थेपड़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *