सीतापुर में 9 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने जिले को दो दिनों के लिए नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। यह आदेश रविवार से प्रभावी होकर सोमवार शाम कार्यक्रम के समापन तक लागू रहेगा। इस दौरान जिले में ड्रोन उड़ाने के साथ-साथ गुब्बारे और पतंग उड़ाने पर भी पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। मालूम हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर के शास्त्री नगर कॉलोनी स्थित तपोधाम आश्रम में आयोजित गोरखनाथ प्रतिमा स्थापना दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने आ रहे हैं। कार्यक्रम घनी आबादी वाले क्षेत्र में आयोजित हो रहा है, जिसको देखते हुए प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी की जा रही है। शनिवार देर शाम आईजी जोन लखनऊ किरण एस ने भी कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने सभी इंतजाम समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए जीआईसी मैदान में हेलीपैड बनाया गया है। यहां से कार्यक्रम स्थल तक लगभग दो किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, जिससे मुख्यमंत्री का काफिला सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सके। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि नो फ्लाइंग जोन के दौरान किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस ड्रोन के माध्यम से निगरानी कर रही है। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।


