जबलपुर में साइबर ठगों ने एक सब इंस्पेक्टर (SI) को निशाना बनाया है। SI के बैंक खाते से 4 लाख 98 हजार रुपए निकाल लिए। यह ठगी एक शादी का कार्ड डाउनलोड करने के बाद हुई, जिससे उनका मोबाइल हैक हो गया था। परिचित के नंबर से आया था शादी कार्ड हनुमान ताल थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर रोहिणी शुक्ला के साथ यह घटना हुई। एडिशनल एसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि 30 मार्च को रोहिणी शुक्ला के मोबाइल पर उनके परिचित गणेश पटेल के नंबर से एक शादी का कार्ड आया था। यह कार्ड निमंत्रण के एपीके फॉर्मेट में था। जैसे ही SI शुक्ला ने इस कार्ड को डाउनलोड किया, उनके मोबाइल में एक-एक करके कई फाइलें अपने आप खुलना शुरू हो गईं। शुरुआत में उन्हें लगा कि मोबाइल में कोई तकनीकी समस्या आ गई है। पुलिस ने 2 लाख रुपए होल्ड करवाए SI शुक्ला ने इस समस्या को सामान्य मानकर ध्यान नहीं दिया, लेकिन 6 अप्रैल को जब उन्होंने अपने मोबाइल पर बैंक से आए टेक्स्ट मैसेज देखे, तो उन्हें ठगी का पता चला। उनके खाते से 4 लाख 98 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हो चुके थे। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत शिकायत दर्ज कराई। एडिशनल एसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने अब तक ठगी की गई राशि में से 2 लाख रुपए अलग-अलग खातों में होल्ड करवा दिए हैं। पुलिस साइबर ठगों की तलाश कर रही है।


