सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने लोकसभा में रेलवे बजट पर चर्चा के दौरान अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण रेल मुद्दे उठाए। कांग्रेस की ओर से चर्चा की शुरुआत करते हुए सांसद सैलजा ने सिरसा और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर रेल संपर्क, नई ट्रेनों की शुरुआत और यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। क्षेत्र के लोग लंबे समय से रेलवे ढांचे को मजबूत करने की मांग कर रहे हैं और केंद्र सरकार को इस दिशा में जल्द कदम उठाने चाहिए। कुमारी सैलजा ने सुझाव दिया कि सिरसा-हिसार-हांसी-मेहम-रोहतक-दिल्ली रेल लाइन पूरी होने के बाद सिरसा और दिल्ली के बीच एक नई इंटरसिटी एक्सप्रेस सेवा शुरू की जाए, जिससे लोगों को तेज और सीधा रेल संपर्क मिल सके। उन्होंने जोधपुर-हिसार एक्सप्रेस (14891/92) को सिरसा और बठिंडा तक बढ़ाने की भी मांग की। सैलजा ने चंडीगढ़-हिसार रेल सेवा को सिरसा तक बढ़ाने तथा अंबाला के रास्ते सिरसा-चंडीगढ़ के बीच एक नई सीधी ट्रेन शुरू करने का सुझाव रखा। सिरसा और दिल्ली के बीच ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की और कालिंदी एक्सप्रेस को प्रयागराज से बढ़ाकर सिरसा तक चलाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन को बठिंडा-दिल्ली मार्ग पर सिरसा-हिसार-हांसी-मेहम-रोहतक के रास्ते चलाने का सुझाव दिया। हनुमानगढ़-दिल्ली इंटरसिटी पर ट्रेन बढ़ाने की मांग कुमारी सैलजा ने इसके अलावा हनुमानगढ़-दिल्ली इंटरसिटी और दादर-भगत की कोठी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों को भी इस क्षेत्र तक बढ़ाने की मांग की। फतेहाबाद जिले के भट्टू रेलवे स्टेशन और सिरसा के डिंग मंडी स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई। उन्होंने फिरोजपुर-मुंबई जनता एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने की भी मांग की। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सिरसा रेलवे स्टेशन के पूर्ण आधुनिकीकरण की जरूरत बताई। इसके अंतर्गत एस्केलेटर, लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे शौचालय, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं, सीसीटीवी निगरानी और रेलवे सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ाने की मांग की। छोटे स्टेशन पर सुविधा बढ़ाने की मांग सैलजा ने छोटे स्टेशनों जैसे कालांवाली, रानिया, डबवाली, ऐलनाबाद और बड़ागुढ़ा में शौचालय, पेयजल, शेड, बैठने की व्यवस्था और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने की भी आवश्यकता बताई। साथ ही बड़ागुढ़ा से बठिंडा के बीच चलने वाली ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। कालांवाली स्टेशन पर बंद किए रास्ते खोलने की मांग कुमारी सैलजा ने सिरसा-हिसार (फतेहाबाद-अग्रोहा के रास्ते) नई रेल लाइन परियोजना पर जल्द काम शुरू करने और किसानों व व्यापारियों के हित में सिरसा में एक आधुनिक माल ढुलाई टर्मिनल स्थापित करने का भी सुझाव दिया। कालांवाली स्टेशन पर बंद किए गए रास्ते को फिर से खोलने, बठिंडा-दिल्ली किसान एक्सप्रेस के पुराने समय को बहाल करने, छोटे वाहनों के लिए पुराने रेलवे फाटक अस्थायी रूप से खोलने तथा सिरसा रेलवे गुड्स यार्ड के पास वैकल्पिक मार्ग विकसित करने जैसे स्थानीय मुद्दे भी उठाए। सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण जल्द किया जाए, ताकि यातायात जाम की समस्या कम हो सके। कुमारी सैलजा ने उम्मीद जताई कि रेलवे मंत्रालय इन मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और सिरसा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देगा।


