Sirohi News: माउंट आबू में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, 10 फीट नीचे बांस के पेड़ों में अटकी, एक ही परिवार के 4 लोग सवार थे

Sirohi News: माउंट आबू में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, 10 फीट नीचे बांस के पेड़ों में अटकी, एक ही परिवार के 4 लोग सवार थे

माउंट आबू (सिरोही)। पर्यटन स्थल माउंट आबू में शुक्रवार को गुरुशिखर मार्ग पर गुजरात से आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क की सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए खाई में जा गिरी। कार खाई में करीब 10 फीट नीचे जाकर बांस के पेड़ों और झाडि़यों में फंस गई। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। कार में एक ही परिवार के चार जने सवार थे, सभी सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार गुजरात कच्छ, गांधीधाम निवासी धनराज गढ़वी अपने बड़े भाई हितेश गढ़वी, भाभी मनीषा व भतीजी कनिष्का के साथ माउंट आबू भ्रमण पर आए थे। शुक्रवार को बाजार घूमने के बाद वे गुरुशिखर के लिए रवाना हुए। देलवाडा-गुरुशिखर मार्ग पर मिनी नक्की झील व वीरबाबजी के बीच ढाल पर कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार तोड़ खाई में गिर गई।

कार में सवार चारों पर्यटक सुरक्षित

नीचे गिरी कार खाई में बांस के पेड़ों व झाड़ियों में अटक गई, जिससे सवार चारों पर्यटक सुरक्षित बच गए। उनके मामूली खरोंचें आईं हैं। कार नीचे गिरी देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे चारों पर्यटकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां किसी को गंभीर चोट नहीं होने की पुष्टि हुई। समाचार लिखे जाने तक इस संदर्भ में पुलिस थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।

गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अचानक से अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए नीचे खाई में गिर गई और पलटकर पेड़ों में अटक गई। बांस का पेड़ भारी और फला होने से कार उसमें फंस गई। जिससे बड़ा हादसा टल गया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *