एसआईआर का काम पूर्ण : अब नागौर जिले में 13 लाख, 43 हजार 619 मतदाता

एसआईआर का काम पूर्ण : अब नागौर जिले में 13 लाख, 43 हजार 619 मतदाता

नागौर. मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का काम पूरा हो गया है। करीब चार माह तक चले इस कार्य के बाद तैयार हुई मतदाता सूची के अनुसार जिले में अब 13 लाख, 43 हजार 619 मतदाता हैं, जिनमें 7 लाख, 740 पुरुष तथा 6 लाख, 42 हजार 876 महिला मतदाता हैं, जबकि 3 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। एसआईआर से पूर्व जिले में जहां 14,15,073 मतदाता थे, उनमें से 18,094 की मृत्यु होने पर, 11,020 अनुपस्थित, 56,625 स्थायी रूप से शिफ्ट तथा 5788 पहले से एनरोल्ड होने के कारण व 225 अन्य मिलाकर कुल 91,752 मतदाता कम हुए। जिसमें 20,298 नए जुड़ने पर अब जिले में 13,43,619 मतदाता हो गए हैं।

जिले की पांचों विधानसभा के हिसाब से देखें तो अब सबसे अधिक 2,83,783 मतदाता खींवसर विधानसभा में हैं। जबकि एसआईआर से पहले सबसे अधिक 2,94,690 मतदाता मेड़ता विधानसभा में थे। इसी प्रकार अब जायल विधानसभा में 2,63,160 मतदाता, नागौर में 2,59,301, मेड़ता में 2,77,429 तथा डेगाना में 2,59,946 मतदाता हैं। अब नागौर सबसे कम मतदाताओं वाली विधानसभा हो गई है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी चंपालाल जीनगर ने मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी देने के बाद मीडिया को एसआईआर के बारे में बताया।

246 मतदान केन्द्र बढ़े

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर के तहत जिले में मतदान केन्द्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले जिले में कुल 1294 मतदान केन्द्र थे, वहां अब 246 बढ़ने से कुल 1540 हो गए हैं। इसमें 1342 ग्रामीण क्षेत्र के तथा 198 शहरी क्षेत्र में हैं। जिले में ऐसा कोई मतदान केन्द्र नहीं है, जहां 1200 से अधिक मतदाता हो। जिले में एक मतदान केन्द्र पर औसत 872 मतदाता रह गए हैं।

प्रदेश से नागौर की स्थिति बेहतर

एसआईआर का काम पूरा होने के बाद जिला निर्वाचन विभाग ने जिले में अनुमानित जनसंख्या 20,34,578 मानी है, जिसमें 13,43,619 मतदाता हैं। इस हिसाब से जिले का मतदाता अनुपात (ईपी रेशियो) 660 है, यानि एक हजार की जनसंख्या पर 660 मतदाता हैं, यह प्रदेश से बेहतर है। इसी प्रकार जिले में मतदाताओं का लिंगानुपात (जेंडर रेशियो) 917 है। एक हजार पुरुष मतदाताओं पर 917 महिला मतदाता है। यह भी प्रदेश से बेहतर है। जिले में सबसे बेहतर मतदाता अनुपात 698 खींवसर विधानसभा का है, जबकि सबसे अच्छा मतदाता लिंगानुपात 930 डेगाना विधानसभा का है।

इस प्रकार चला एसआईआर कार्यक्रम

जिला निर्वाचन अधिकारी जीनगर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से राज्य में 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम घोषित किया गया था, जिसके अन्तर्गत 4 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2025 तक गणना चरण के बाद 16 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 13,23,321 थी। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसम्बर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से प्रति सप्ताह प्राप्त होने वाले दावे एवं आपतियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से साझा की गई। ये सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी व मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बेवसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध करवाई गई। पूर्व में प्राप्त समस्त फॉर्म तथा दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 16 दिसम्बर 2025 से 19 जनवरी 2026 में प्राप्त समस्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से किया जाकर 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस प्रकार जिले में प्रारूप मतदाता सूची में कुल 13,23,321 मतदाताओं में 1.53 प्रतिशत वृद्धि के उपरान्त कुल मतदाताओं की संख्या 13,43,619 है।

अब भी जुड़वा सकेंगे नाम

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना व प्रविष्टियों में संशोधन एक अनवरत प्रक्रिया जो सतत जारी है। इसके लिए क्रमशः फॉर्म-6 मय घोषणापत्र (अनुलग्न-चतुर्थ), 7 एवं 8 ECINet App/Voters Portal (https://voters.eci.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ से सम्पर्क कर भरा जा सकता है। इसकी जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरूद्ध प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अन्तिम प्रकाशन तिथि से 15 दिवस में तथा जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान को जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 30 दिवस के भीतर प्रस्तुत कर सकते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *