वाराणसी में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी, 4 लाख से ज्यादा लोगों के कटे नाम, ऐसे देखें लिस्ट

वाराणसी में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी, 4 लाख से ज्यादा लोगों के कटे नाम, ऐसे देखें लिस्ट

वाराणसी: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य को वाराणसी में पूरा कर लिया गया है। इसके बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। वाराणसी में इस बार 4 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम कटे हैं, जबकि करीब 2 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। बता दें कि जनपद में आठ विधानसभा सीटें हैं।

करीब 2 लाख नए मतदाता जुड़े

जानकारी के मुताबिक, विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इसकी अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है। अक्टूबर 2025 की वोटर लिस्ट के सापेक्ष काशी में 4,23,102 मतदाता का नाम कट गया है। अक्टूबर 2025 की लिस्ट के अनुसार यहां कुल 31,53,705 मतदाता थे, जबकि एसआईआर की प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की संख्या घटकर 27,30,603 रह गई है। इस प्रक्रिया के दौरान 1,94,239 मतदाताओं के नाम भी सूची में जोड़े गए हैं।

ऐसे देखें अपना नाम

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जारी की गई लिस्ट के हिसाब से जनपद में 27,30,603 मतदाता पाए गए हैं, जिनमें पुरुषों की संख्या 14,86,874 है। वहीं, महिलाओं की संख्या 12,43,611, जबकि थर्ड जेंडर की संख्या 118 है। उन्होंने बताया कि मतदाता varanasi.nic.in/deo-portal पर जाकर सूची में अपना नाम देख सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान कैंट और शहर उत्तरी विधानसभा में वोटरों की संख्या सबसे ज्यादा कम हुई है।

विधानसभावार मतदाताओं की संख्या

जिलाधिकारी ने बताया कि अजगरा विधानसभा में 3,44,124 मतदाता पाए गए हैं, जबकि शिवपुर में 3,58,007 मतदाता इस प्रक्रिया के बाद बच्चेबचे हैं। रोहनिया विधानसभा में 3,67,197 मतदाता, वाराणसी उत्तरी में 3,65,040 मतदाता, वाराणसी दक्षिणी में 2,67,698 मतदाता, वाराणसी कैंटोनमेंट में 3,77,958 मतदाता और सेवापुरी विधानसभा में 3,17,827 मतदाता नई सूची के हिसाब से पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस पुनरीक्षण की अवधि में 1,94,239 नए मतदाताओं को भी जोड़ा गया है। इसके बाद 10 अप्रैल को प्रकाशित की गई सूची में 27,30,603 मतदाता वाराणसी में हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि 6 जनवरी को जिले में ड्राफ्ट प्रकाशन किया गया था। ड्राफ्ट प्रकाशन में दावे, आपत्ति और मैपिंग को लेकर निर्देश जारी किए गए थे। उस दौरान दावे और आपत्तियों को फॉर्म 6, 7 और 8 के जरिए निस्तारण किया गया था। उन्होंने बताया कि कई लोग किसी अन्य स्थान पर चले गए थे और इस प्रक्रिया के दौरान उन वोटरों ने भी अपने मतदान स्थल को शिफ्ट कराया है।

अभी भी जुड़ सकता है नाम

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान अभी भी कोई मतदाता वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाना चाहता है तो फॉर्म 6 के जरिए यह संभव हो सकता है। यह प्रक्रिया हमेशा से चली आ रही है और आगे भी इसे जारी रखा जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *