ललितपुर में सिख, पंजाबी और सिंधी समाज ने मनाई लोहड़ी:ढोल-भांगड़े से गूंजा गुरुद्वारा परिसर, आग में तिल-गुड़ अर्पित कर झूमे लोग

ललितपुर में सिख, पंजाबी और सिंधी समाज ने मनाई लोहड़ी:ढोल-भांगड़े से गूंजा गुरुद्वारा परिसर, आग में तिल-गुड़ अर्पित कर झूमे लोग

मकर संक्रांति से पूर्व ललितपुर में सिख, पंजाबी और सिंधी समाज ने लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर लक्ष्मीपुरा स्थित गुरुद्वारे में विशेष आयोजन किए गए, जहां श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुद्वारे के समीप खुले मैदान में विधिवत लोहड़ी जलाई गई। श्रद्धालुओं ने अग्नि में तिल, गुड़, रेवड़ी और मूंगफली अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। लोहड़ी की परिक्रमा करते हुए लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया। शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में अपने परिवार के साथ शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं ने ढोल की थाप पर जोशीला भांगड़ा प्रस्तुत किया, जिसे देख दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष ओंकार सिंह सलूजा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरविंदर सिंह सलूजा, मंत्री मनजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, डॉ. जे.एस. बक्शी, श्री सुलूजा, विशाल सलूजा और आकाश सलूजा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने लोहड़ी पर्व को आपसी भाईचारे, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण उत्सव बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन किया गया। पूरे माहौल में उल्लास, सौहार्द और सांस्कृतिक एकता की झलक साफ देखने को मिली।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *