5 व 6 अप्रेल को दो पारियों में अलवर में 64 परीक्षा केंद्रों पर सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में भाग लेने आने वाले अभ्यर्थियों को जूते पहनकर एग्जाम हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केवल स्लीपर पहनकर जा सकेंगे। इसके अलावा डेस कोड तय है। पुरुष व महिला अभ्यर्थी किस तरह की ड्रेस पहन सकेंगे। इस परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए पुलिस के पूरे प्रयास हैं। जिसके लिए शनिवार को पुलिस लाइन में अधिकारी से लेकर कांस्टेबल को पूरी गाइडलाइन की जानकारी दी गई। ताकि हर जगह नजर रखी जा सके। ASP प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि अलवर में 64 परीक्षा केंद्रों पर एग्जाम होगा। तय गाइडलाइन के अनुसार अभ्यर्थियों को आना होगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को स्लीपर पहनकर ही जाने दिया जाएगा। इस भर्ती में किसी भी स्तर पर नकल या डमी अभ्यर्थी होने की सही सूचना देन पर एसओजी की ओर से 1 लाख रुपए का ईनाम देना तय हुआ है। यह एडीजी, एसओजी, जयपुर का फैसला है। इस संबंध में किसी प्रकार की सूचना मोबाइल नंबर 9829934822 पुलिस कंट्रोल रूम जिला अलवर और निकटतम पुलिस थाना जिला अलवर अथवा हेल्पलाइन नंबर 100 पर दे सकते हैं। एसओजी के व्हाट्सअप हेल्पलाइन नंबर 9530429258 पर मैसेज करके भी दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। परीक्षार्थियों के लिए एक विशेष सूचना अलवर एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि परीक्षार्थियों को अपना एडमिट कार्ड, एक वैध फोटो और आईडी साथ लानी होगी। निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा और समय से एक घंटे पहले हर हाल में परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। देरी से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिला परीक्षार्थी लाख/कांच की पतली चूड़ियों के अलावा अन्य कोई जेवरात पहनकर नहीं आएंगी। परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की घड़ी, धूप का चश्मा, बेल्ट, हेंड बैग, हेयर पिन, गण्डा/ताबीज, कैप/हैट, स्कार्फ, स्टॉल, शॉल, मफलर पहनकर परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। पुरूष अभ्यर्थी आधी आस्तीन के शर्ट/टी-शर्ट/कुर्ता, पेंट/पायजामा और हवाई चप्पल/स्लीपर पहनकर आएंगे। महिला अभ्यर्थी सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता/ब्लाउज, हवाई चप्पल / स्लीपर पहनकर और बालों में साधारण रबर बैंड्स लगाकर आएंगी। इससे सुरक्षा जांच में सहयोग मिलेगा। दो शिफ्ट में होगी परीक्षा आयोजित इस परीक्षा में करीब 18 हजार 18 प्रति पारी में अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। परीक्षा को सुचारू और सुव्यवस्थित तरीके से करवाने के लिए परीक्षा की नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को लगाया गया है। जिनकी सहायतार्थ जिले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, पुलिस निरीक्षक और उप निरीक्षक को लगाया गया है। परीक्षा आयोजित करवाने वाली एजेंसी की ओर से परीक्षा केंद्रो पर केंद्राधीक्षक और पर्यवेक्षक(सुपरवाइजर) लगाए गए हैं। परीक्षार्थियों के बायोमैट्रिक मिलान करके परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाया गया है। परीक्षा की ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल की अनुमति नहीं दी गई है। जिन परीक्षार्थियों के पूर्व में प्रकरण पंजीबद्ध है एवं चालानशुदा है, उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ताकि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे। अवैध गतिविधि में संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्र के आसपास यातायात का सुचारू प्रवाह बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परीक्षा के समय कानून व्यवस्था, यातायात और गश्त की उचित व्यवस्था की गई है। होटल/धर्मशाला और परीक्षा केंद्रों के पास साइबर कैफे/ई-मित्र कियोस्क / फोटो स्टेट की दुकान आदि पर निगरानी रखी जा रही है। संध्या कालीन सघन गश्त एवं नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।


