श्रेयस अय्यर की 25 महीने बाद टी-20 टीम में वापसी:न्यूजीलैंड के खिलाफ तिलक वर्मा की जगह खेलेंगे; सुंदर की जगह बिश्नोई शामिल

श्रेयस अय्यर की 25 महीने बाद टी-20 टीम में वापसी:न्यूजीलैंड के खिलाफ तिलक वर्मा की जगह खेलेंगे; सुंदर की जगह बिश्नोई शामिल

भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर की 25 महीने बाद टी-20 टीम में वापसी हुई है। उन्हें चोटिल तिलक वर्मा की जगह मौका दिया गया है। शुक्रवार को BCCI ने न्यूजीलैंड के भारत दौरे के लिए रिप्लेसमेंट खिलाड़ियों की घोषणा की। 31 साल के श्रेयस अय्यर के अलावा रवि बिश्नोई को भी टीम में शामिल किया गया है। उन्हें चोट के कारण बाहर हुए वाशिंगटन सुंदर की जगह टीम में जगह मिली है। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 21 जनवरी को नागपुर में खेला जाएगा। शुरुआती 3 मैच ही खेलेंगे अय्यर श्रेयस अय्यर को पहले 3 मैचों के लिए ही टी-20 टीम में शामिल किया गया है। श्रेयस पिछले साल 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में चोटिल हो गए थे। उन्होंने 11 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे से ही इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की है। अय्यर ने 2023 में आखिरी टी-20 खेला था श्रेयस अय्यर ने पिछला टी-20 मैच दिसंबर 2023 में बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उन्होंने 37 बॉल पर 53 रनों की पारी खेली थी। भारत ने इस मैच को 6 विकेट से जीता था। अय्यर ने टी-20 इंटरनेशनल करियर में 51 मैच खेले हैं। इन मैचों में अय्यर ने 8 अर्धशतकों के सहारे 1104 रन बनाए हैं। IPL 2025 में श्रेयस अय्यर ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 175.07 के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए थे और अपनी कप्तानी में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था। सुंदर को पहले वनडे में चोट लगी थी वाशिंगटन सुंदर की जगह रवि बिश्नोई टीम में शामिल किए गए हैं। उन्होंने आखिरी टी-20 मैच जनवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। वे अब तक 42 टी-20 मैचों में 61 विकेट ले चुके हैं। BCCI के मुताबिक वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। 11 जनवरी को वडोदरा के BCA स्टेडियम में पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय उन्हें निचली पसलियों के पास दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद कराए गए स्कैन और विशेषज्ञ से परामर्श के बाद उनके साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। उन्हें कुछ दिनों के आराम की सलाह दी गई है, जिसके बाद वह आगे के इलाज के लिए बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे। भारत की अपडेटेड टी-20 टीम सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (पहले तीन टी-20 के लिए), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर) और रवि बिश्नोई। —————————
क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
तिलक वर्मा की सर्जरी हुई, 3 न्यूजीलैंड टी-20 से बाहर एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत को चैंपियन बनाने वाले तिलक वर्मा की सर्जरी हुई है। BCCI ने कन्फर्म किया कि तिलक न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के शुरुआती 3 मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। सीरीज 21 जनवरी से शुरू होगी। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *