अमरोहा शहर कोतवाली क्षेत्र के बिजनौर रोड स्थित मोहल्ला लकड़ा की लकड़ी मंडी में बीती रात भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में सात दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी लकड़ी मंडी धुएं के गुबार से भर गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की चपेट में कुल सात दुकानें आईं, जो पूरी तरह जल गईं। इनमें आसिफ की तीन दुकानें, इरफान, शाहनवाज, नफीस और शाहिद की दुकानें शामिल हैं। सभी दुकानदार मोहल्ला लकड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं। दमकल की चार गाड़ियों ने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


