बड़वानी पुलिस ने मकर संक्रांति पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 5 हजार रुपए का चाइनीज मांझा जब्त किया। दरअसल, एसपी बड़वानी ने जिले में चाइनीज मांझा से होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं को देखते हुए इसके निर्माण, भंडारण और विक्रय के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। चाइनीज मांझा बेचते पकड़ाया आरोपी दुकानदार इसी कड़ी में थाना कोतवाली बड़वानी प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह ने एक टीम गठित की। टीम ने कस्बा बड़वानी क्षेत्र में दुकानों की सघन चेकिंग की। इसी दौरान, मुखबिर की सूचना पर मायरा चौक स्थित कमल पतंग भंडार पर दबिश दी गई। दुकान पर चमन पिता भगवान गोले (28) निवासी रैदास मार्ग मायरा चौक बड़वानी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते हुए पाया गया। आरोपी दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 7 नग चाइनीज मांजा की गिर्री (गठ्ठे) जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 5 हजार रुपए है। है।जिला दण्डाधिकारी बड़वानी ने मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर चाइनीज मांझा के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए थे, जिनका आरोपी ने उल्लंघन किया। चाइनीज मांझा मानव, पशु-पक्षियों के संपर्क में आने पर गंभीर चोट या मृत्यु का कारण बन सकता है, और यह पर्यावरण के लिए भी अत्यंत घातक है।आरोपी चमन गोले के खिलाफ थाना कोतवाली बड़वानी में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।


