मुजफ्फरनगर में दवा कारोबारी से रंगदारी मांगने और उसकी हत्या की साजिश रचने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। जबकि उसके साथी को दौड़ाकर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की सुपारी लेने की बात कबूल की है। घायल बदमाश ने कहा कि मुझे बदमाश नहीं, बदमाशों का देवता बनना है। लेकिन योगी सरकार से डर लगता है।
मुजफ्फरनगर में दवा व्यापारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और उसकी हत्या की योजना बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इस कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार शहर के पटेलनगर इलाके में रहने वाले राजीव जैन दवाइयों के थोक कारोबारी हैं। कुछ दिन पहले उन्हें फोन पर 10 लाख रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी गई थी। बदमाशों ने पैसे नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी थी। व्यापारी ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश को लगी गोली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि रंगदारी मांगने वाले आरोपी बामनहेड़ी क्षेत्र के आसपास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संदिग्ध युवकों को घेरने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। और मौके से भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने और आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन वे लगातार गोली चलाते रहे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान प्रताप चौधरी के रूप में हुई है। जो थाना रामराज क्षेत्र के हुसैनपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
व्यापारी के हत्या के लिए 20 लाख की सुपारी
वहीं उसका साथी रवि, जो बागपत जिले के बालेनी क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जेल में बंद एक व्यक्ति के कहने पर व्यापारी की हत्या के लिए 20 लाख रुपये में सौदा किया था। योजना के तहत वे शहर के जिला परिषद मार्केट इलाके में व्यापारी को निशाना बनाने पहुंचे थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।


