उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक महिला ने पति की मौत के सदमे में चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शरीर कई टुकड़ों में बंट गया। घटना गुरुवार रात करीब 1:40 बजे सुल्तानपुर-वाराणसी रेलमार्ग पर पखरौली रेलवे स्टेशन के पास अभियाकला गांव के निकट हुई। बिहार के बक्सर जिले के रायपुरा गांव की रहने वाली नीतू उपाध्याय (35) अपने परिजनों के साथ लखनऊ से श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से घर जा रही थीं। जीआरपी थाना प्रभारी भोला सिंह के अनुसार, नीतू उपाध्याय शौच के बहाने ट्रेन के गेट के पास गईं और चलती ट्रेन से कूद गईं। यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी। कुछ दूर जाकर देखने पर नीतू का शरीर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। परिजनों ने घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद आरपीएफ और कोतवाली देहात पुलिस को सूचित किया गया। सिपाही विजय सिंह और उप निरीक्षक नदीम अहमद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव के टुकड़ों को इकट्ठा किया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भेजा। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका नीतू के पति अजीत का एक साल पहले किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत खराब थी और उनका इलाज लखनऊ में चल रहा था। 24 जनवरी को उन्हें SGPGI में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उनकी मौत हो गई। अजीत के शव को परिजन एंबुलेंस से घर ले जा रहे थे, जबकि नीतू को परिजन और रिश्तेदार श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से साथ लेकर जा रहे थे। मृतक अजीत की दो बेटियां अनन्या और अमान्या तथा एक नौ साल का बेटा सत्यजीत है। अजीत अपने तीन भाइयों और चार बहनों में छठे नंबर पर थे। उनके माता-पिता मुरलीधर और लैसम देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल था।


