होली पर सीएम के नेतृत्व में निकलेगी शोभायात्रा:डीआईजी, डीएम, एसएसपी ने मार्ग पर देखी सुरक्षा

होली पर सीएम के नेतृत्व में निकलेगी शोभायात्रा:डीआईजी, डीएम, एसएसपी ने मार्ग पर देखी सुरक्षा

होलिका दहन एवं होली के अवसर पर सीएम गोरखपुर में उपस्थित रहेंगे। होलिका दहन आयोजित समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। होली के दिन भगवान नरसिंह की शोभायात्रा में भी सीएम उपस्थित रहेंगे और रंग खेलेंगे। उनके शोभायात्रा मार्ग को दुरुस्त किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार की शाम डीआईजी एस चनप्पा, डीएम दीपक मीणा एवं एसएसपी डा. कौस्तुभ ने निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि सीएम के शोभायात्रा को देखते हुए सारी तैयारी पूरी कर ली जाए। जहां जरूरत हो, वहां बैरिकेडिंग की जाए। घरों की छतों पर पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे। किसी को अनावश्यक छत पर जाने की अनुमति नहीं होगी। शोभायात्रा के गुजरने के कुछ समय बाद तक पुलिस के जवान छतों पर मुस्तैद रहेंगे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों, छतों की स्थिति, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी एवं सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि घंटाघर क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल और जुलूस मार्ग पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न रहे तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट किया कि जुलूस मार्गों पर प्रभावी बैरिकेडिंग की जाए और छतों पर अनधिकृत रूप से लोगों के चढ़ने पर रोक लगाई जाए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद भी कुछ समय तक पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी चलते-चलते स्थानीय व्यापारियों से भी बातचीत करते रहे। व्यापारियों से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए गए। अधिकारियों ने उनसे अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें, दुकानों के सामने अनावश्यक सामान न रखें और अपने प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें।
इस वर्ष होली का पर्व रमजान के पवित्र महीने में पड़ रहा है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *