India-US Deal पर बोले Shivraj Singh, यह PM Modi की सफल कूटनीति, किसानों से खिलवाड़ नहीं

India-US Deal पर बोले Shivraj Singh, यह PM Modi की सफल कूटनीति, किसानों से खिलवाड़ नहीं

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का जोरदार तरीके से बचाव करते हुए भारतीय किसानों पर इसके असर को लेकर विपक्ष की चिंताओं को खारिज कर दिया। साथ ही संसद में अपने आचरण के लिए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के इस आरोप का जवाब देते हुए कि व्यापार समझौता भारत के कृषि और डेयरी क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाएगा, चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुआ यह समझौता ‘‘कूटनीति, विकास और गरिमा का एक नया उदाहरण’’ है।
चौहान ने पीटीआई-से कहा, ‘‘किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है। किसानों के हित पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हमारे मुख्य खाद्यान्न, फल, हमारी सभी मुख्य फसलें, हमारा बाजरा, सब कुछ सुरक्षित है। डेयरी उत्पाद सुरक्षित हैं।’’
मंत्री ने विपक्षी आलोचना को चुनावी हार से उपजी निराशा बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और विपक्ष निराश हैं, मानसिक रूप से परेशान हैं। वे मैदान में मुकाबला नहीं कर सकते। एक के बाद एक हार ने उन्हें निराशा, हताशा और आक्रोश से भर दिया है।’’

उन्होंने कहा कि वे ‘‘झूठ की मशीन, अफवाहों का बाजार’’ बन गए हैं।
चौहान ने तर्क दिया कि यह समझौता वास्तव में कम शुल्क के माध्यम से निर्यात को बढ़ावा देकर भारतीय किसानों को फायदा पहुंचाएगा। उन्होंने अमेरिका को 63,000 करोड़ रुपये के चावल निर्यात का हवाला दिया और कहा कि कम शुल्क से चावल, मसालों और वस्त्रों का निर्यात बढ़ेगा, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से कपास किसानों को फायदा होगा।
इस चिंता को दूर करते हुए कि खेती में लगे 50 प्रतिशत से अधिक भारतीय अमेरिकी आयात में वृद्धि से प्रभावित हो सकते हैं, चौहान ने जोर देकर कहा, ‘‘बड़ी मात्रा में सामान आना शुरू नहीं होगा। जैसा कि मैंने पहले कहा, हमारी सभी मुख्य फसलें सुरक्षित हैं। कोई बाजार नहीं खोला गया है। चाहे वह मुख्य अनाज हो, प्रमुख फल हों, या डेयरी उत्पाद हों, सब कुछ सुरक्षित है।’’

वह अमेरिकी वित्त मंत्री द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट में यह कहने के बाद जताई गई आशंकाओं का जवाब दे रहे थे कि अधिक अमेरिकी कृषि उत्पाद भारत आएंगे।
चौहान ने कहा कि वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संसद में पहले ही स्थिति स्पष्ट कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *