Assam में गरजे Shivraj Chouhan, बोले- Congress को एक राजा और राजकुमार चला रहे

Assam में गरजे Shivraj Chouhan, बोले- Congress को एक राजा और राजकुमार चला रहे
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि असम में पिछले कुछ वर्षों में स्पष्ट परिवर्तन आया है, जिसमें सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और उभरती औद्योगिक क्षमता में सुधार शामिल हैं, साथ ही सेमीकंडक्टर हब के रूप में इसकी संभावनाएं भी। राज्य के अपने दौरे के दौरान बोलते हुए, चौहान ने याद दिलाया कि पिछली संसदीय समिति के दौरे के दौरान, असम के कई क्षेत्रों में सुरक्षा चिंताओं के कारण पहुंचना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि डर का माहौल जिसने कभी आवागमन को प्रतिबंधित किया था, अब काफी हद तक कम हो गया है, जो राज्य की समग्र स्थिति में व्यापक बदलाव को दर्शाता है।
 

इसे भी पढ़ें: Assam चुनाव से पहले PM Modi का बड़ा दावा, ‘NDA की डबल इंजन सरकार के लिए फिर तैयार है राज्य’

भाजपा प्रत्याशी भाबेश कलिता के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज ने कहा कि ‘अरुणोदय योजना’ और ‘लाड़ली बहना योजना’ वोट के लिए नहीं है, बल्कि आधी आबादी को पूरा न्याय देने के लिए है। हम बहनों को आर्थिक सहयोग दे रहे हैं, तो कांग्रेस को तकलीफ क्यों हो रही है? उन्होंने कभी ऐसा क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा कि हमारा यह संकल्प है कि पूरे असम में कोई भी गरीब कच्चे घर में नहीं रहेगा, सबको प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत पक्के मकान दिए जाएंगे।
शिवराज ने कहा कि असम के चाय बागान के मजदूर भाइयों-बहनों के पास अब तक जमीन के पट्टे नहीं थे। कांग्रेस ने उन्हें कभी जमीन का मालिक नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उन्हें जमीन का मालिक बनाकर पट्टे दिए हैं। अब उन्हें हम PMAY-G के तहत पक्के मकान देंगे। मेरे नौजवान बेटे-बेटियों, असम में रोजगार का नया युग प्रारंभ हुआ है। हिमंता दा ने 1,65,000 युवाओं को बिना किसी भेदभाव के सरकारी नौकरियां देने का चमत्कार किया है। मेरे बच्चों, यह नौकरियों का क्रम आगे भी जारी रहेगा।
 

इसे भी पढ़ें: Assam में BJP की हैट्रिक तय? Sarbananda Sonowal का बड़ा दावा- इस बार 100 सीटें पार

उन्होंने कहा कि नौकरियों के साथ-साथ नए रोजगार के अवसर भी बनेंगे। सेमीकंडक्टर हब जैसे कई बड़े निवेश आएंगे, कारखाने लगेंगे, और उनमें भी रोजगार मिलेगा। विपक्ष पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि असम में कांग्रेस की कमान दो लोगों के हाथ में है- एक राजा और एक राजकुमार। दोनों में तकरार है और दोनों कार्यकर्ताओं से मिलते ही नहीं हैं। कांग्रेस ने असम के साथ 5 पाप किए: 1. विभाजन के समय असम को पाकिस्तान के हवाले करने का प्रयास किया। 2. चीन आक्रमण के दौरान असम को उसके हाल पर छोड़ दिया। 3. असम का जल, असम की जमीन और असम के जंगल सब घुसपैठियों के हवाले कर दिए। 4. वोट बैंक के लिए घुसपैठियों के आधार कार्ड बनवाए और उनके नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाए। 5. असम आंदोलन के दौरान हमारे बच्चों पर गोलियां चलवाईं और लोकतंत्र का गला घोंट दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *