MP News: शिवसेना ने 14 फरवरी को होने जा रहे वेलेंटाइन डे का विरोध करने की तैयारियां शुरू कर दीं हैं। विरोध के पहले क्रम में शिवसैनिकों ने पहलवान बाबा मंदिर पहुंचकर डंडों में सरसों व चमेली का तेल पिलाया। पुजारी पुरोहित संघ अध्यक्ष पं. शिवप्रसाद तिवारी, आचार्य शुभम शास्त्री, डॉ. रामचंद शर्मा के साथ वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ डंडों का पूजन किया। पार्क, होटल, धार्मिक स्थलों पर पोस्टर चिपकाए।
शिवसेना उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि 14 फरवरी वेलेंटाइन डे हमारे देश की परंपरा नहीं है, लेकिन कुछ युवक-युवती पाश्चात्य सभ्यता को अपनाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता फैलाते हैं। 14 फरवरी को यदि कोई प्रेमी युगल अश्लीलता करते पकड़ जाता है, तो मौके पर ही उनकी शादी कर दी जाएगी। इस मौके पर शिवशंकर दुबे पंकज दुबे, धर्मेंद्र यादव, सचिन जैन, बसंत भदौरिया, महेश साहू, शशांक रावत, अमन ठाकुर, दुष्यंत मिश्रा, संजय साहू, मयंक साहू, सुमित भार्गव, अजय बुंदेला, आशुतोष तिवारी आदि उपस्थित थे।
पंडित साथ में लेकर चलेगी शिवसेना
शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने कहा कि शिवसेना प्रत्येक वर्ष अंग्रेजी सभ्यता वेलेंटाइन डे के खिलाफ सड़कों पर उत्तरती है। 14 फरवरी को पंडित की एक टीम विवाह की सामग्री के साथ शिवसेना के साथ चलेगी। युवक-युवती अश्लीलता करते पकड़े जाते हैं, उनका मौके पर ही विवाह कर दिया जाएगा।
रेस्टोरेंट संचालकों को दी चेतावनी
शिवसेना जिला प्रमुख दीपक सिंह लोधी ने होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी है कि यदि 14 फरवरी को फूहड़ता व अश्लीलता वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तो शिवसैनिकों के विरोध का सामना करना पड़ेगा। तोड़फोड़ जैसी कोई घटना होती हैं, तो उसके जिम्मेदार स्वयं संचालक होंगे।


