शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के पंजाब उपाध्यक्ष रुपिंदर लोचम ने कहा कि पटियाला जिले में खुलेआम अवैध जुए और सट्टेबाजी का कारोबार चल रहा है। राजपुरा और शहर के अंदरूनी हिस्सों में स्थिति बेहद चिंताजनक है। सनौरी अड्डा और साई मार्केट जैसे इलाकों में जुए और लॉटरी सट्टे का कारोबार लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ढीली कार्रवाई के कारण सट्टेबाजों के हौसले बुलंद हैं, जिससे गरीब लोग अपनी मेहनत की कमाई इस दलदल में गंवा रहे हैं और कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने इस पूरे अवैध कारोबार के ‘किंगपिन’ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एक ही व्यक्ति इस पूरे अवैध कारोबार का ‘किंगपिन’
लोचम ने विशेष रूप से राजपुरा का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां कई वर्षों से जुआ और लॉटरी सट्टा बेरोकटोक चल रहा है, जिसे आज तक कोई भी बंद नहीं करवा पाया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह एक बड़ी जांच का विषय है कि आखिर किसके संरक्षण में एक ही व्यक्ति इस पूरे अवैध कारोबार का ‘किंगपिन’ बना हुआ है। पुलिस प्रशासन अवैध गतिविधियां रोकने में विफल
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन इन अवैध गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह विफल रहा है। लोचम ने सवाल उठाया कि जब यह सब कुछ खुलेआम हो रहा है, तो क्या सट्टेबाजों को किसी बड़ी राजनीतिक शक्ति या प्रशासनिक अधिकारी का संरक्षण प्राप्त है? कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे संघर्ष
लोचम ने चेतावनी दी है कि यदि इन अवैध अड्डों को तुरंत बंद नहीं किया गया और इस ‘किंगपिन’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो उनकी जत्थेबंदी द्वारा तीखा संघर्ष शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में गृह विभाग भारत सरकार, पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग, पुलिस के उच्च अधिकारियों और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी आवेदन भेजा जाएगा, ताकि इस अवैध धंधे पर अंकुश लगाया जा सके।


