हरदोई में शिक्षामित्र की सड़क हादसे में मौत:शव ले जा रही गाड़ी पलटी ट्रॉली से टकराई, प्रधान पति घायल

हरदोई में शिक्षामित्र की सड़क हादसे में मौत:शव ले जा रही गाड़ी पलटी ट्रॉली से टकराई, प्रधान पति घायल

हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में सोमवार को दो सड़क हादसे हुए। पहले एक शिक्षामित्र की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। इसके बाद, उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जा रही गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें ग्राम प्रधान पति घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हरदोई शहर के खंजनपुरवा मोहल्ला निवासी रजनीश चंद्र मिश्रा (54) सांडी विकास खंड के महितापुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र थे। सोमवार शाम वे स्कूल से अपनी मोपेड पर घर लौट रहे थे। सांडी-हरदोई मार्ग पर चचरापुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में रजनीश मिश्रा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुँची और शव को सीएचसी सांडी पहुँचाया। हादसे की खबर सुनकर स्कूल से जुड़े लोग और परिजन भी घटनास्थल पर पहुँचे। इसके बाद, एक पिकअप वाहन से शिक्षामित्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हरदोई ले जाया जा रहा था। सांडी थाना क्षेत्र के बघराई गांव के पास रास्ते में आलू से लदी एक पलटी हुई ट्रॉली खड़ी थी। पिकअप उसी ट्रॉली से टकरा गई। इस दूसरे हादसे में पिकअप में सवार महितापुर ग्राम के प्रधान पति जलसिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक बसंत राम ने बताया कि शिक्षामित्र के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मृतक रजनीश चंद्र मिश्रा के परिवार में उनकी पत्नी रंजना, पुत्र चेतन और दो पुत्रियां हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *