Sanju Samson: क्या संजू सैमसन रातों-रात मैच विनर बन गए? रवि शास्त्री ने बताया उस मानसिक बदलाव का राज जिसने संजू को ‘फ्लॉप’ से ‘फिनिशर’ बना दिया। जानिए सेमीफाइनल में इंग्लैंड को धूल चटाने के बाद अब फाइनल के लिए क्या है शास्त्री का मास्टर प्लान और संजू के लिए क्या कहा…
Sanju Samson, T20 World Cup 2026, IND vs ENG Semifinals: रवि शास्त्री ने हाल ही में संजू सैमसन की जबरदस्त सफलता के पीछे का असली राज बताया है। पूर्व भारतीय कोच का मानना है कि संजू में जो बदलाव आया है, वही उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। संजू काफी समय से टीम इंडिया के अंदर-बाहर होते रहे थे। वर्ल्ड कप की शुरुआत में भी जब ईशान किशन और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों पर भरोसा जताया जा रहा था, तब संजू को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। लेकिन अब उन्होंने लगातार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनकर भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले फाइनल तक पहुंचा दिया है।
भारत का फाइनल में होना संजू की बदौलत
मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में संजू ने इंग्लैंड के खिलाफ तबाही मचा दी। उन्होंने अपनी 89 रनों की पारी में 7 छक्के जड़े, जिसकी बदौलत भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
शास्त्री क्यों नहीं है हैरान!
रवि शास्त्री का कहना है कि वह संजू के इस प्रदर्शन से हैरान नहीं हैं क्योंकि उन्होंने संजू के अंदाज में एक बड़ा बदलाव देखा है। उनके मुताबिक, संजू अब मानसिक रूप से ज्यादा मजबूत हो गए हैं और उन्होंने इस बात को स्वीकार कर लिया है कि उन्हें टीम के लिए निरंतर रन बनाने होंगे। उनके पास क्रिकेट की किताब का हर शॉट है, लेकिन पहले वह एकाग्रता खो देते थे। अब वह अपने शॉट्स को लेकर ज्यादा समझदार हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि संजू अब 31 साल के हो चुके हैं और अब वह पूरी तरह निखर कर सामने आए हैं। उनकी बल्लेबाजी में क्लास, ताकत और नजाकत का सही मेल दिखता है।
अभिषेक शर्मा की फॉर्म पर राय
जहां एक तरफ संजू शानदार फॉर्म में हैं, वहीं सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला इस टूर्नामेंट में खामोश रहा है। उन्होंने 7 पारियों में सिर्फ 89 रन बनाए हैं। हालांकि, शास्त्री का मानना है कि फाइनल जैसे बड़े मैच से पहले टीम में बदलाव करना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘अब टीम में कोई बदलाव मत करो। अभिषेक को बस यह भरोसा दिलाने की जरूरत है कि टीम उनके साथ है। उन्हें अपनी ताकत पर भरोसा करके बिना किसी डर के फाइनल में उतरना चाहिए।’
खिताबी मुकाबले की तैयारी
भारत अब रविवार 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले के लिए तैयार है। संजू की फॉर्म और शास्त्री की ये सलाह टीम इंडिया के लिए काफी अहम साबित हो सकती है।
Sports – Patrika | CMS


