Share Market: घरेलू शेयर बाजारों में धीमी शुरुआत के बाद तेजी

Share Market: घरेलू शेयर बाजारों में धीमी शुरुआत के बाद तेजी

सेंसेक्स और निफ्टी ने सोमवार को मामूली बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की, हालांकि एशियाई बाजारों में मजबूत रुख एवं घरेलू संस्थागत निवेशकों की निरंतर खरीदारी से बाद में इनमें तेजी आई।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 22.24 अंक चढ़कर 85,063.69 अंक पर और एनएसई निफ्टी मामूली रूप से 16 अंक की बढ़त के साथ 26,058.30 अंक पर रहा।
शुरुआती सौदों के बाद इनमें तेजी आई और बीएसई सेंसेक्स 105.17 अंक चढ़कर 85,140.33 अंक पर जबकि निफ्टी 35 अंक की बढ़त के साथ 26,080.45 अंक पर कारोबार करने लगा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा स्टील, इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट तथा मारुति के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही। वहीं अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में रहे जबकि जापान का निक्की 225 नुकसान में रहा।
अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सपाट रुख के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 61.27 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 317.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,772.56 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *