नदी बचाने की मुहिम में जुटे शांतिलाल बारी:2 साल से घर-घर जाकर एकत्र करते हैं पूजन सामग्री, अब मिला सम्मान

बुरहानपुर में ताप्ती सेवा समिति ने समाजसेवी शांतिलाल बारी को सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान पिछले दो साल से लोगों के घरों और मंदिरों से पूजन सामग्री (निर्माल्य) एकत्र कर ताप्ती नदी को स्वच्छ रखने के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों के लिए दिया गया। यह सम्मान बुधवार शाम राजपुरा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। शांतिलाल बारी पिछले दो वर्षों से शहर के मंदिरों और घरों से निकलने वाली पूजन सामग्री लगातार एकत्र कर रहे हैं। उनके इस प्रयास से लोग निर्माल्य सीधे ताप्ती नदी में प्रवाहित करने से बच रहे हैं, जिससे नदी को प्रदूषित होने से रोकने में मदद मिल रही है। ताप्ती नदी जिले के लिए महत्वपूर्ण जल स्रोत भी है और आसपास के कई क्षेत्रों की जरूरतें इसी पर निर्भर रहती हैं। उनकी इस पहल की शहर में सराहना हो रही है। खास बात यह है कि वे निर्माल्य देने वाले लोगों को धन्यवाद के रूप में गुलाब का फूल भी भेंट करते हैं, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। समिति ने सम्मान पत्र दिया
ताप्ती सेवा समिति ने पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के इस कार्य के लिए शांतिलाल बारी को सम्मान पत्र देकर उनके प्रयासों की सराहना की। समिति ने लोगों से अपील की कि वे भी ऐसी पहल करें और नदियों को स्वच्छ रखने में सहयोग दें। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष सरिता भगत, उपाध्यक्ष प्रेमलता सांकले, सचिव धर्मेंद्र सोनी, उपाध्यक्ष अता उल्लाह खान और संरक्षक राजीव खेड़कर सहित समिति के सदस्य और क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *