अलवर जिले में मंगलवार सुबह घना कोहरा और बादल छाए रहे। सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर करीब 80 मीटर रह गई, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि शीतलहर का प्रभाव कुछ कम हुआ है, लेकिन ठंड से कंपकंपी अब भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। जिले के कुछ क्षेत्रों में कोहरा अधिक घना रहा, जबकि कहीं हल्का कोहरा देखने को मिला। पूरे जिले में बादलों की मौजूदगी बनी हुई है। संभावित बारिश से सरसों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इस समय सरसों की फसल में दाने आने से पहले झुकाव की स्थिति बनी हुई है और तेज बारिश होने पर फसल के जमीन पर लेट जाने का खतरा है। वहीं गेहूं की फसल के लिए यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। अलवर जिले में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सोमवार सुबह जिले के कई इलाकों में पाला (बर्फ) जमने से तापमान 3 डिग्री तक गिर गया था। मंगलवार को तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कोहरे और ठंड को देखते हुए वाहन चालकों को बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


