अयोध्या में कड़ाके की ठंड जारी, 4 डिग्री तापमान:कोहरे के बीच प्री-बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे छात्र

अयोध्या में कड़ाके की ठंड जारी, 4 डिग्री तापमान:कोहरे के बीच प्री-बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे छात्र

अयोध्या में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। न्यूनतम तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पश्चिमी हवाओं और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस भीषण ठंड के बावजूद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं, जिसके चलते छात्र-छात्राओं को ठंड और कोहरे के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना पड़ रहा है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। उन्होंने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने और विशेष रूप से सुबह व रात के समय बाहर निकलने में सतर्कता रखने की सलाह दी है। किसानों को रात में सिंचाई न करने की सलाह
डॉ. मिश्रा ने किसानों को रात के समय गेहूं की सिंचाई न करने की हिदायत दी है। उन्होंने बताया कि रात में तापमान और गिर जाता है, जिससे फसलों में ठंड लगने का खतरा बढ़ जाता है और उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अयोध्या में अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.0 डिग्री कम है। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 82 प्रतिशत और न्यूनतम 63 प्रतिशत रही। हवा की गति 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही और दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही। आगामी 24 घंटे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने या घना कोहरा पड़ने की संभावना है। औसत तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा और हवा पश्चिमी दिशा से सामान्य गति से चलती रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *