नीमच के मनासा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 11 से 15 के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने जमादार धीरज धवन पर पद के दुरुपयोग और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों ने तहसीलदार को एक ज्ञापन भी सौंपा। शिकायत के अनुसार, जमादार धीरज धवन शासकीय ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मियों से अपने घर और परिवार के निजी काम करवाते हैं। यदि कोई कर्मचारी इन निजी कार्यों को करने से इनकार करता है, तो जमादार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। उन पर शासकीय कार्य में लापरवाही के झूठे नोटिस जारी करवाने का भी आरोप है। कर्मचारियों ने जमादार पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जमादार उन्हें नौकरी से निकालने की मौखिक धमकी देता है और फिर काम पर वापस रखने के बदले रुपयों की मांग करता है। पीड़ित कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई बार उच्चाधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत कराया था। हालांकि, कोई सुनवाई न होने के कारण उन्हें कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करना पड़ा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अब उक्त जमादार के अधीन काम नहीं करना चाहते और उसे तुरंत हटाकर किसी अन्य को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। तहसीलदार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


