अमरोहा में लव जिहाद का सनसनीखेज खुलासा: हिंदू बनकर बिछाया प्यार का जाल; शोषण, गर्भपात और धर्म परिवर्तन का दबाव

अमरोहा में लव जिहाद का सनसनीखेज खुलासा: हिंदू बनकर बिछाया प्यार का जाल; शोषण, गर्भपात और धर्म परिवर्तन का दबाव

Love jihad accused arrested Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला शहर से ‘लव जिहाद’ का एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती से पहचान छिपाकर दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, जबरन गर्भपात कराने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोपी साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

स्नैपचैट पर खुद को हिंदू जाट बताकर फंसाया

पीड़िता के अनुसार, आरोपी साहिल गजरौला के मोहल्ला विजय नगर का निवासी है। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर खुद को ‘हिंदू जाट’ बताकर युवती से संपर्क किया। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और साहिल ने शादी का झांसा देकर युवती का भरोसा जीत लिया। करीब एक साल तक आरोपी ने इसी झूठी पहचान के सहारे युवती का शारीरिक शोषण किया।

मंदिर की कसमें, फिर धोखे से गर्भपात

पीड़िता ने बताया कि साहिल ने मंदिर में कसम खाकर शादी का भरोसा दिलाया था। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि साहिल ने उसे सच्चाई बताए बिना गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे जबरन गर्भपात हो गया। इसके साथ ही आरोपी ने युवती से गहने और नकदी भी ठग लिए।

पत्नी का फोन आने से खुली सच्चाई

साहिल का झूठ उस वक्त उजागर हुआ जब उसके मोबाइल फोन पर उसकी पत्नी का कॉल आया। तब पीड़िता को पता चला कि साहिल पहले से शादीशुदा है और उसने अपनी असली पहचान छिपाकर धोखा दिया। आरोपी के दूसरे समुदाय से संबंध रखने की बात सामने आने पर युवती पूरी तरह टूट गई।

धर्म परिवर्तन का दबाव और जान से मारने की धमकी

सच्चाई सामने आने के बाद साहिल ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, मना करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। डर और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

आरोपी साहिल गिरफ्तार, साथी के खिलाफ भी केस दर्ज

पीड़िता की शिकायत पर गजरौला पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल और उसके साथी जुनैद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। गजरौला इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी साहिल पुत्र रुक्मुद्दीन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए चालान कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *