भास्कर संवाददाता | सलामतपुर भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 से सांची विकासखंड के सेमरा होते हुए बनखेड़ी तक बन रही सड़क में निर्माण एजेंसी की लापरवाही सामने आई है। ग्राम सेमरा के लिए स्थायी संपर्क मार्ग नहीं बनाया गया। ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ठेकेदार ने पक्का मार्ग बनाने के बजाय सिर्फ कोपरा डालकर अस्थायी व्यवस्था कर दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली और चार पहिया वाहन ठीक से न चढ़ पा रहे हैं। वाहन मुड़ भी नहीं पा रहे। फसल कटाई के समय किसानों को अनाज ढुलाई में जोखिम उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत की। समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो हादसे की आशंका बनी रहेगी। स्थानीय निवासी मुकेश लोधी और भुजबल सिंह लोधी ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने सेमरा के लिए स्थायी मार्ग बनाने को कहा है।


