गोरखपुर में तारामंडल के पास स्थित सेल टैक्स ऑफिस में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। आग ऑफिस के सेकंड फ्लोर में लगी, जिससे पूरा कार्यालय जलकर खाक हो गया। इस हादसे में वहां रखी कई महत्वपूर्ण फाइलें, दस्तावेज, कंप्यूटर और फर्नीचर पूरी तरह नष्ट हो गए। अब देखिए लेटेस्ट तस्वीरें… जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 12 बजे ऑफिस के दूसरे फ्लोर से अचानक धुएं का गुबार और आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत फायर ब्रिगेड व रामगढ़ताल थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि इसे बुझाने के लिए करीब 10 से 15 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग नीचे की मंजिलों तक नहीं फैल सकी। वहीं जब दैनिक भास्कर की टीम ने ऑफिस का जायजा लेने पहुंची तो कार्यालय के दूसरे फ्लोर पर अलमारी, दस्तावेज, फर्नीचर, सारा सामान जहां तहां बिखरा पड़ा था। आग लगने के लगभग 12 घंटे बाद भी शनिवार की दोहपर तक दूसरे मंजिल में घुसने पर हिट महसूस हो रही थी। दैनिक भास्कर से बात करते हुए विनय पाण्डेय ने बताया कि– यह घटना करीब शुक्रवार रात 12 बजे की है। मैं अपने घर पर था, तबतक पता चलता है कि ऑफिस में आग लग गई है। जिसके बाद से ऑफिस से आसपास अफरातफरी का माहौल हो गया। मैं भी वहां पहुंचा तो देखा कि दमकल विभाग की लगभग 15 गाड़ी आग बुझाने में लगी है। मैं धन्यवाद देता हूं कि फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया लेकिन ऑफस का दस्तावेज, और भी बाकी सामना जलकर राख हो गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से एक जांच टीम भी गोरखपुर के लिए रवाना हो चुकी है। वहीं, आग लगने के बाद कुछ लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और साजिश की आशंका भी जता रहे हैं। फिलहाल अधिकारी आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं और जांच जारी है। अब विस्तार से जानें पूरा मामला तारामंडल के पास सेल टैक्स ऑफिस के फर्स्ट फ्लोर से रात करीब 12-1 बजे धुएं का गुबार और आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल अग्निशमन विभाग व रामगढ़ताल थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने भी क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए आवागमन नियंत्रित किया। अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कार्यालय में रखा फर्नीचर, कंप्यूटर, फाइलें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान पूरी तरह जल चुके थे। आग की सूचना पर विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ ने बताया कि शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। उन्होंने बताया समय रहते आग पर काबू पा लेने से आग नीचे तक नहीं फैल सकी।


