संभल में श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में रामनवमी पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बैंड-बाजे, झांकियां और अखाड़े शामिल थे। शोभायात्रा की शुरुआत विवादित धार्मिक स्थल श्री हरिहर मंदिर प्रणाम शाही जामा मस्जिद स्थित राम चबूतरे से हुई। चैत्र नवरात्र की रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को यह शोभायात्रा संभल कोतवाली क्षेत्र के कोर्ट पूर्वी स्थित राम चबूतरे से रात्रि 08 बजे प्रारंभ हुई। इसकी शुरुआत भगवान श्रीगणेश और श्रीराम के तिलक व पूजन के साथ की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान लक्ष्मण और हनुमानजी का भी तिलक किया। शोभायात्रा में भगवान श्रीगणेश, हनुमान, भगवान शंकर, राधा-कृष्ण, श्रीराम दरबार और बांके बिहारी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां शामिल थीं। विभिन्न अखाड़े भी इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रहे। इस अवसर पर शोभित गुप्ता, राहुल शर्मा, अनुराग गुप्ता अन्नू, अनुज शर्मा, पूरन त्यागी, राहुल गुप्ता, अभिनंदन शर्मा, अक्षित अग्रवाल, प्रियांशु जैन, भोला और राजुल गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। शोभायात्रा संभल के डाकखाना रोड से होते हुए चक्की का पाट, टण्डन चौराहा, कोतवाली, मौहल्ला ठेर, बाजार गंज, लाला छंगामल की कोठी, आर्य समाज मार्ग, एजेंटी तिराहा, अस्पताल चौराहा और शंकर कॉलेज चौराहा से गुजरी। यह यात्रा अंततः सूर्यकुण्ड तीर्थ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एएसपी कुलदीप सिंह, एसडीएम निधि पटेल, सीओ कुलदीप कुमार, कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह, थाना नखासा प्रभारी संजीव बालियान और थाना रायसत्ती प्रभारी निशांत कुमार राठी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त, पीएसी-आरआरएफ और स्थानीय पुलिस बल भी तैनात किया गया था। नगर हिंदू सभा के अध्यक्ष कमलकांत तिवारी ने बताया कि संभल में निकली रामनवमी शोभायात्रा में मनमोहक झांकियां और अखाड़े शामिल हैं। श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने जानकारी दी कि यात्रा का शुभारंभ राम चबूतरे से हुआ और यह सूर्यकुंड मंदिर तीर्थ पर संपन्न होगी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सौरभ गुप्ता ने कहा कि नगर हिंदू सभा और श्रीरामलीला कमेटी द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में समस्त हिंदू समाज बड़े उत्साह के साथ शामिल हुआ है। देखें शोभायात्रा की तस्वीरें…


