टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें सेमीफाइनल में लगातार तीसरी बार भिड़ेंगी। इससे पहले 2022 और 2024 में भी दोनों के मैच हुए, 1-1 जीत दोनों को मिली। सेमीफाइनल जीतने के बाद दोनों टीमों ने फाइनल भी जीता। दोनों टीमें छठी बार सेमीफाइल खेलेंगी भारत की टीम छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में भी टॉप-4 टीमों में जगह बना चुकी है, टीम ने 5 में से 3 सेमीफाइनल जीते। वहीं, इंग्लैंड भी छठी बार सेमीफाइनल खेल रहा है। इससे पहले टीम 2010, 2016, 2021, 2022 और 2024 में इस स्टेज तक पहुंची थी। 3 सेमीफाइनल जीतकर टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी। वर्ल्ड कप में छठी बार होगा सामना भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 29 टी-20 मुकाबले खेले गए। भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों ने 5 मैच खेले। भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 2 जीते। कप्तान सूर्या भारत के टॉप स्कोरर इस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 7 मैचों में 231 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 84 रन रहा। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 7 मैचों में 12 विकेट झटके। आदिल रशीद इंग्लैंड के टॉप बॉलर इस टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रुक बल्ले से सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे। उन्होंने 7 मैचों में 228 रन बनाए हैं। बॉलिंग डिपार्टमेंट में आदिल रशीद ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 7 मुकाबलों में 11 विकेट अपने नाम किए। पिच रिपोर्ट और रिकॉर्ड वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। साफ मौसम के कारण ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है। यहां 16 टी-20 इंटरनेशनल में 8 बार चेज करने वाली टीमों और 8 ही बार पहले बैटिंग करने वाली टीमों को जीत मिली। 254 रन इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर है, जो वेस्टइंडीज ने इसी वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया। यहां 32 पारियों में 6 बार 200 प्लस के स्कोर बन चुके हैं। इंग्लैंड की टीम ही 2025 में भारत के खिलाफ 97 रन पर ऑलआउट भी हो चुकी है। मौजूदा वर्ल्ड कप में यहां 7 मैच खेले गए। शुरुआती 3 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने जीते। इसके बाद लगातार 3 मैचों में चेज करने वाली टीमों को सफलता मिली। आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए जिम्बाब्वे को 107 रन से हराया। भारत ने वानखेड़े में 7 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें 5 जीते और 2 गंवाए। वहीं, इंग्लैंड ने यहां 6 टी-20 खेले हैं, 3 जीते और 3 ही गंवाए। भारत और इंग्लैंड इस मैदान पर दो बार भिड़ चुके हैं और दोनों को 1-1 में जीत मिली। मुंबई में बारिश की कोई संभावना नहीं गुरुवार को मुंबई में आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और बारिश की संभावना बिल्कुल नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे मुंबई में बारिश की कोई संभावना नहीं है, फिर भी ICC ने एहतियात के तौर पर एक रिजर्व डे रखा है। अगर किसी कारण 5 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो 6 मार्च (शुक्रवार) को रिजर्व डे पर मुकाबला खेला जाएगा। अगर सेमीफाइनल रिजर्व डे पर भी नहीं हो सका, तो नियमों के मुताबिक इंग्लैंड सीधे फाइनल में पहुंच जाएगा। इसकी वजह यह है कि सुपर-8 स्टेज में इंग्लैंड ग्रुप-1 में पहले स्थान पर रहा था, जबकि भारत दूसरे स्थान पर था। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती। इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद। कहां देख सकते हैं मैच? इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग स्टार स्पोर्ट्स पर होगी। इसे जियोहॉटस्टार ऐप पर भी देखा जा सकता है। आप दैनिक भास्कर ऐप पर मैच का लाइव कवरेज भी फॉलो कर सकते हैं। ————————————— क्रिकेट का कीड़ा है तो सॉल्व कीजिए ये सुपर क्विज क्या आप खुद को क्रिकेट के सुपर फैन मानते हैं? पूरे T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के दौरान दैनिक भास्कर के खास गेम ‘SUPER ओवर’ में रोज क्रिकेट से जुड़े 6 सवाल आपका क्रिकेट ज्ञान परखेंगे। जितनी जल्दी सही जवाब देंगे उतने ज्यादा रन बनेंगे। जितने ज्यादा रन बनेंगे, लीडरबोर्ड में उतना ही ऊपर आएंगे। तो रोज खेलिए और टूर्नामेंट का टॉप स्कोरर बनिए। अभी खेलें SUPER ओवर…क्लिक करें ———————————— स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… एलन ने सबसे तेज सेंचुरी लगाई फिन एलन ने 33 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली और टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक भी अपने नाम कर लिया। पढ़ें पूरी खबर…


