क्रिकेट विवाद में युवक की हत्या, दूसरा आरोपी गिरफ्तार:बैतूल में बैट और डंडों से पीटा था; दोनों आरोपियों को जेल

क्रिकेट विवाद में युवक की हत्या, दूसरा आरोपी गिरफ्तार:बैतूल में बैट और डंडों से पीटा था; दोनों आरोपियों को जेल

बैतूल। शहर के गंज थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के विवाद में हुई युवक मोहित गोहे की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना 19 जनवरी की शाम गंज थाना क्षेत्र के कत्लढाना इलाके में हुई थी। क्रिकेट खेलने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें बीच-बचाव करने गए 27 वर्षीय मोहित गोहे पर बैट और डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल मोहित को पहले बैतूल और फिर भोपाल रेफर किया गया था। सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना गंज प्रभारी शैफ़ा हाशमी ने बताया कि मृतक की पत्नी प्रीति तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी तनिष्क उर्फ पुनित कहार और दीपक धुर्वे, दोनों निवासी खंजनपुर, ने क्रिकेट खेलने की बात पर मोहित गोहे के साथ गाली-गलौच करते हुए बैट से हमला किया था। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 14/26 धारा 103(1), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शैफा हाशमी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साधनों और मुखबिर की मदद से आरोपियों का पता लगाया। सोमवार को तनिष्क उर्फ पुनित कहार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। बुधवार को दीपक धुर्वे को भी पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर आरोपियों को ले जाकर नक्शा तैयार किया और वह बैट भी जब्त किया, जिसे पिटाई के बाद झाड़ियों में फेंक दिया गया था। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शैफा हाशमी, उप निरीक्षक पवन कुमरे, इरफान कुरैशी, रघु काकोडे, सहायक उपनिरीक्षक किशोरीलाल, प्रधान आरक्षक मयूर, आशीष, चंद्रकिशोर, निलेश तथा आरक्षक गजानंद और चंद्रश की अहम भूमिका रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *