भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में शांति व्यवस्था और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने वीरवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देशों पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के संवेदनशील इलाकों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैनी नजर रखी। अभियान के दौरान लोकल पुलिस के साथ एसओजी के कमांडो ने शहर के अंदरूनी और बाहरी रास्तों पर नाकेबंदी की। थाना ए-डिवीजन की मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर अमनदीप कौर के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने अमृतसर बस स्टैंड पर यात्रियों के सामान और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान बिना किसी ठोस कारण के घूम रहे लोगों से कड़ी पूछताछ की गई और उनके दस्तावेजों की जांच हुई। धार्मिक स्थलों की संवेदनशीलता को देखते हुए उनके आसपास विशेष पेट्रोलिंग की गई। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए 24 घंटे मुस्तैद है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि वे अपने आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गैर-कानूनी गतिविधि को देखें, तो सूचना दें।


