औरैया में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। मंगलवार सुबह एसडीएम सदर ने मौरंग मंडी में औचक छापेमारी की। इस दौरान 22 डंपरों की जांच की गई, जिनमें से चार वाहनों के पास वैध कागजात नहीं मिले। इन चार डंपरों पर प्रशासन ने तत्काल 2.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। एक वाहन स्वामी ने मौके पर ही जुर्माना राशि जमा कर दी, जिसके बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। शेष तीन डंपर चालकों द्वारा जुर्माना न भर पाने पर एसडीएम ने वाहनों को सीज करने का आदेश दिया।
सीज किए गए तीनों वाहनों को तत्काल देवकाली चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसडीएम सदर की इस अचानक कार्रवाई से मौरंग मंडी के संचालकों और वाहन स्वामियों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, इस छापेमारी का विरोध करते हुए मंडी संचालक ने एसडीएम पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह कार्रवाई एक भाजपा नेता के इशारे पर लगातार हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घाट से ही ओवरलोडिंग बंद हो जाए, तो उनके पास ओवरलोड गाड़ियां नहीं आएंगी। प्रशासन क्षेत्र में अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए गंभीर दिख रहा है। पिछले 15 दिनों में यह तीसरी बड़ी छापेमारी है। एसडीएम सरदार अजय आनंद ने बताया कि अवैध परिवहन और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और बिना कागजात के पाए जाने वाले वाहनों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


