एसडीएम ने मौके पर जेसीबी मंगवाकर रास्ता बनवाया:मऊ की अनुसूचित जाति बस्ती को 50 साल बाद मिली राहत, दिया धन्यवाद

एसडीएम ने मौके पर जेसीबी मंगवाकर रास्ता बनवाया:मऊ की अनुसूचित जाति बस्ती को 50 साल बाद मिली राहत, दिया धन्यवाद

चित्रकूट जिले में जन समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक उदाहरण सामने आया है। मऊ तहसील के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) राम ऋषि रमन ने अनुसूचित जाति की एक बस्ती की 50 साल पुरानी आवागमन की समस्या का समाधान किया है। दरअसल, नगर पंचायत मऊ के वार्ड अंबेडकर नगर के सभासद मनजीत ने गत तहसील दिवस पर एक प्रार्थना पत्र सौंपा था। इसमें बताया गया था कि अनुसूचित जाति की बस्ती में आवागमन के लिए उचित रास्ता न होने के कारण बीमारों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी होती है। आपात स्थिति में मरीजों को चारपाई या गोद में उठाकर ले जाना पड़ता था। प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम राम ऋषि रमन ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने तत्काल नगर पंचायत से जेसीबी मशीन मंगवाई और रास्ते के निर्माण का कार्य शुरू करा दिया। वर्षों से परेशान बस्तीवासियों के लिए यह एक बड़ी राहत रही। सभासद मनजीत ने बताया कि यह समस्या पिछले 50 वर्षों से बनी हुई थी और कई शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो पाया था। एसडीएम की इस पहल से मोहल्ले के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है, और उन्होंने श्रमदान व सहयोग के जरिए निर्माण कार्य में भी पूरा साथ दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसडीएम राम ऋषि रमन ने साबित कर दिया कि “कर्मवीर वही होते हैं, जो पहाड़ों में भी सड़क बना देते हैं।” उन्होंने दुर्गम इलाके को सुगम बनाकर जनता का दिल जीत लिया है। गौरतलब है कि नगर पंचायत मऊ को बने अभी पांच वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं, और इससे पहले यह क्षेत्र ग्राम पंचायत था, जिस कारण मूलभूत सुविधाओं का अभाव लंबे समय से बना हुआ था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *