SDM ने DM से मांगी छुट्टी, पालतू कुत्ते के काटने का दिया हवाला, हस्ताक्षर की जगह लगाया अंगूठा

SDM ने DM से मांगी छुट्टी, पालतू कुत्ते के काटने का दिया हवाला, हस्ताक्षर की जगह लगाया अंगूठा

बलिया के एक प्रशासनिक अधिकारी द्वारा छुट्टी मांगे जाने का आवेदन चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि छुट्टी के आवेदन में अधिकारी ने पालतू कुत्ते द्वारा काटे जाने का जिक्र किया है। इसके साथ ही हस्ताक्षर के स्थान पर उन्होंने अंगूठे का निशान लगाया है।

बैरिया तहसील में कार्यरत हैं SDM

बैरिया तहसील के उप-जिलाधिकारी (SDM) आलोक प्रताप सिंह का एक आवेदन पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उन्होंने उनके पालतू कुत्ते द्वारा काटे जाने के बाद इलाज करने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से अवकाश मांगा है। पत्र में उन्होंने हवाला दिया है कि उनके दोनों हाथों में उनके पालतू कुत्ते ने काट लिया है, इसलिए वह कार्य करने में असमर्थ हैं।

मांगा है 8 दिन का अवकाश

आलोक प्रताप सिंह ने लिखा, “प्रार्थी को पालतू कुत्ते ने दोनों हाथों में काट लिया है, जिससे हाथों पर गहरा जख्म हो गया है। स्थानीय डॉक्टर द्वारा उपचार कराया गया, लेकिन खून का रिसाव बंद नहीं हो रहा है और असहनीय दर्द बना हुआ है।” उन्होंने लिखा है कि वह दोनों हाथों से दैनिक कार्य करने में भी असमर्थ हैं। उन्हें अच्छे संस्थान में दिखाने के लिए और उपचार करने के लिए 8 दिनों का अवकाश चाहिए।

दोनों हाथों में लगा है प्लास्टर

2023 बैच के पीसीएस अधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने 2024 में बलिया में उप-जिलाधिकारी के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया था। हालांकि, कई बार वह विवादों में भी बने रहें। उनका अवकाश का आवेदन जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद ने बताया है कि उप-जिलाधिकारी के दोनों हाथों में प्लास्टर लगा हुआ है, जिससे वह लिखने में असमर्थ हैं। इस वजह से उन्होंने आवेदन पत्र पर अंगूठे का निशान लगाया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *