शिवपुरी में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर श्रीमंत माधवराव सिंधिया सेवा स्वास्थ्य मिशन और रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है। इस अवसर पर 5260 दिव्यांगजनों को कुल 22,475 सहायक उपकरण वितरित किए गए। केंद्रीय मंत्री ने इनमें से 786 दिव्यांगजनों को स्वयं अपने हाथों से उपकरण प्रदान किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा की यह परंपरा उनके पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया द्वारा स्थापित की गई थी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए बड़े शहरों से डॉक्टरों को भेजने की परिकल्पना की थी। सिंधिया ने चिकित्सकों को ‘जानदाता’ बताते हुए कहा कि वे जीवन बचाने का कार्य करते हैं, ठीक उसी तरह जैसे शिक्षक ज्ञानदाता और किसान अन्नदाता होते हैं। दिल्ली और भोपाल से आए डॉक्टर करेंगे उपचार
यह स्वास्थ्य शिविर 17 से 24 मार्च तक चलेगा। इसमें एम्स दिल्ली, एम्स भोपाल और मेदांता जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर में आधुनिक मशीनों से सुसज्जित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 25 हजार ओपीडी और 500 से 700 ऑपरेशन करने की व्यवस्था है। सिंधिया ने उल्लेख किया कि इस शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाएं आसपास के कई जिलों में भी उपलब्ध नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करते हुए समाज के दायित्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले अशोकनगर में 1456 दिव्यांगजनों को 5172 उपकरण और गुना में 1929 दिव्यांगजनों को लगभग 8500 उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। ‘2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा’
शिवपुरी में 5260 लाभार्थियों को लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से 22,475 सहायक उपकरण प्रदान किए गए हैं। इस प्रकार पूरे संसदीय क्षेत्र में अब तक 8640 दिव्यांगजनों को करीब 35,884 सहायक उपकरण लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से वितरित किए जा रहे हैं। सिंधिया ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा। जब देश का प्रत्येक नागरिक इस विकास यात्रा में सहभागी बने। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी प्रद्युम्न सिंह तोमर, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।


