अनूपपुर जिले में बढ़ती ठंड के कारण स्कूलों के समय में एक बार फिर बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी अनूपपुर तुलाराम आर्मों द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 12 जनवरी से आगामी आदेश तक दो पालियों में संचालित होने वाले सभी विद्यालयों की पहली पाली अब सुबह 9 बजे से शुरू होगी। यह आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त सीबीएसई, आईसीएसई और नवोदय विद्यालयों पर लागू होगा। हालांकि, एक पाली में संचालित होने वाले विद्यालय अपने पूर्व निर्धारित समय पर ही चलेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे छोटे बच्चों को विशेष परेशानी हो रही है। विद्यार्थियों के हित, स्वास्थ्य और जोखिम को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस आदेश को कलेक्टर अनूपपुर की स्वीकृति प्राप्त है और यह तत्काल प्रभावशील होगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग कार्यालय अनूपपुर द्वारा स्कूलों के समय में बदलाव किया गया था। पूर्व में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालन के आदेश दिए गए थे, जिसके बाद इसे संशोधित कर सुबह 10 बजे से स्कूल संचालित कराए गए थे।


