हरियाणा के रेवाड़ी जिले के मोहनपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर बाद सड़क हादसा हुआ। स्कूल बस और कार की आमने-सामने टक्कर में कार सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बस में सवार कुछ स्कूली बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान जेतड़वास निवासी करीब 25 वर्षीय जितेंद्र और सचिन के रूप में हुई है। दोनों युवक कार में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। वहीं, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए जा रही थी। देखें हादसे से जुड़ी 3 PHOTOS… टक्कर में कार के उड़े परखच्चे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार बच्चों को मामूली चोटें आईं, हालांकि सभी को सुरक्षित बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


