बिहार के सासाराम में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मृतकों की पहचान कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित एक मध्य विद्यालय के शिक्षकों के रूप में हुई है। शैक्षणिक परिभ्रमण के तहत मध्य विद्यालय बढ़ौना के शिक्षक छात्रों को बस से लेकर पटना जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-319 पर बस अनियंत्रित हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में 2 शिक्षकों की मौत
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी छात्रों को इलाज के लिए कोचस के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना काफी भीषण थी और टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी।


