नगर निगम चुनाव के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में सोमवार को दिनभर अलग-अलग नजारे देखने को मिले। विभिन्न मतदान केंद्रों पर ड्यूटी में तैनात पुलिस सक्रिय दिखी। इसके बावजूद कहीं झड़प तो कहीं जोरदार हंगामा हुआ। पुलिस की मौजूदगी में ही कई बूथों के अंदर और बाहर प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने हो गए। विवाद बढ़ने पर जमकर हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और सख्ती करते हुए सभी को वहां से खदेड़ दिया। बूथ के बाहर जमा कुछ लोगों ने नारेबाजी करते हुए शक्ति प्रदर्शन भी किया। एक बूथ पर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। उपद्रवियों ने कुछ युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। वार्ड नंबर 40 : दो प्रत्याशियों के समर्थकों में धक्का-मुक्की, मामला थाने पहुंचा धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 स्थित डीएवी स्कूल में बने बूथ के बाहर प्रत्याशी सुचिता रानी और राहुल यादव के समर्थक आपस में भिड़ गए। उनके बीच धक्का-मुक्की हुई। एक महिला समर्थक को धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने देर शाम धुर्वा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वार्ड नंबर 18 : पैसे का प्रलोभन देने का आरोप, समर्थक आपस में उलझे थड़पखना स्थित छोटानागपुर गर्ल्स हाई स्कूल में सुबह करीब 8 बजे दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में उलझ गए। पार्षद प्रत्याशी आशा गुप्ता के समर्थकों का आरोप था कि दूसरे प्रत्याशी सोमवित माजी लगातार मतदान केंद्र में प्रवेश कर रहे हैं और वोटरों को पैसे का प्रलोभन दे रहे हैं। हालांकि, सोमवित माजी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। वार्ड नंबर 25 : बोगस वोटिंग का आरोप, दो गुटों में हंगामा डीएवी कपिलदेव में वार्ड 25 का बूथ बनाया गया था। दोपहर 3 बजे एक व्यक्ति वोट देने के लिए गेट के अंदर प्रवेश किया। वहां मौजूद लोगों ने उसे फर्जी वोटर बताकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप लगाया गया कि एक प्रत्याशी द्वारा बोगस वोटिंग कराई जा रही है। इस दौरान दोनों पक्ष भिड़ गए और जमकर हंगामा हुआ। वार्ड नंबर 16 : बोगस वोटिंग का आरोप, लाठी-डंडे तक निकले लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कर्बला चौक के पास वार्ड कार्यालय में बने बूथ पर प्रत्याशी नाजिमा रजा और सल्लाउद्दीन उर्फ संजू के समर्थक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते एक-दूसरे पर हमला करने के लिए लाठी-डंडे तक निकाल लिए गए। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर सभी को वहां से खदेड़ दिया। वार्ड नंबर 23 : दो प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट, बेल्ट और लात-घूंसे चले हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित इदरीसिया तंजीम में बने बूथ पर कड़ी सुरक्षा के बीच दिनभर मतदान हुआ। शाम करीब 4 बजे एक प्रत्याशी के समर्थकों ने आरोप लगाया कि दूसरा प्रत्याशी और उसके समर्थक बूथ के अंदर जमा हैं। इसे लेकर हंगामा शुरू हो गया। दूसरा पक्ष भी बूथ के गेट पर पहुंच गया और दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई। लोगों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बेल्ट और लात-घूंसे चले। मौके पर अफरातफरी मच गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


