एसबीआई ने एसवीपी इंडस्ट्री का कार्यालय किया सील:मुजफ्फरनगर में डेढ़ अरब से अधिक का लोन बकाया, रिकवरी टीम ने लिया कब्जा

एसबीआई ने एसवीपी इंडस्ट्री का कार्यालय किया सील:मुजफ्फरनगर में डेढ़ अरब से अधिक का लोन बकाया, रिकवरी टीम ने लिया कब्जा

मुजफ्फरनगर। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की दिल्ली स्थित रिकवरी शाखा की टीम ने नगर के रुड़की रोड पर स्थित एसवीपी (स्वरूप वेजिटेबल प्रोडक्ट इंडस्ट्री लिमिटेड) के कार्यालय को सील कर दिया। यह कार्रवाई डेढ़ अरब रुपये से अधिक का ऋण भुगतान न करने के कारण की गई। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे देखते हुए सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी की टीमें मौजूद रहीं। एसवीपी इंडस्ट्री मंसूरपुर के प्रमोटर डायरेक्टर, जिसमें नगर के रामबाग निवासी गोविंद स्वरूप व अन्य शामिल हैं, ने एसबीआई से यह ऋण लिया था। लंबे समय से इस ऋण का भुगतान नहीं किया गया था, जिसके बाद बैंक ने कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। भुगतान न होने पर बैंक की रिकवरी शाखा ने अंततः इंडस्ट्री के रुड़की रोड स्थित कार्यालय को सील कर दिया। दिल्ली रिकवरी शाखा के रजनी रंजन प्रसाद और संजय कुमार ने बताया कि बैंक ने ऋण लेने वालों को भुगतान के लिए पर्याप्त समय दिया था। इंडस्ट्री के डायरेक्टर को 26 मार्च 2025 को एक नोटिस जारी कर साठ दिनों के भीतर भुगतान करने को कहा गया था। भुगतान न होने पर 13 अगस्त 2025 को कार्यालय पर कब्जा लेने के लिए भी नोटिस भेजा गया था। बैंक अधिकारियों के निर्देश पर इस कार्रवाई से पहले एडीएम वित्त और एसएसपी को पूरे मामले की जानकारी दी गई थी। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नायब तहसीलदार सदर हरेंद्र सिंह की उपस्थिति में इंडस्ट्री के कार्यालय को सील कर ताला लगा दिया गया और चाबियां कब्जे में ले ली गईं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि मंसूरपुर स्थित इंडस्ट्री पर भी एक बड़ी राशि का ऋण बकाया है, और उसे लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *