Ladakh trip in April: लद्दाख का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में जमे हुए दरिया और सफेद चादर से ढके पहाड़ आते हैं, लेकिन अप्रैल का महीना लद्दाख को एक बिल्कुल अलग ही रंग में रंग देता है। कड़ाके की ठंड के बाद जैसे ही बसंत की शुरुआत होती है, यहां खुबानी (एप्रिकोट) के पेड़ों पर पिंक और सफेद फूल लद जाते हैं। ऐसे में अप्रैल की गर्मी से निकलकर जब आप यहां पहुंचेंगे, तो आपको लगेगा कि आप किसी दूसरी ही दुनिया में आ गए हैं। हवा की ताजगी और भूरे पहाड़ों के बीच खिले ये चटख गुलाबी रंग के फूल किसी खूबसूरत सपने जैसे लगते हैं।ऐसे में अगर आप इस समर वेकेशन शहर की भीड़-भाड़ से दूर किसी शांत और खूबसूरत जगह की तलाश में हैं, तो आप यहां की ट्रिप प्लान कर सकते हैं। आइए आज के इस लेख में जानते हैं कि लद्दाख के एप्रिकोट ब्लॉसम का मजा आप कैसे ले सकते हैं और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
एप्रिकोट ब्लॉसम फेस्टिवल
एप्रिकोट ब्लॉसम के खूबसूरत नजारे को सेलिब्रेट करने के लिए पूरे लद्दाख और कारगिल में एप्रिकोट ब्लॉसम फेस्टिवल मनाया जाता है। यहां आपको सिर्फ फूल ही नहीं, बल्कि लद्दाख का असली कल्चर भी देखने को मिलता है। पारंपरिक कपड़ों में झूमते लोग, पुराना लोक संगीत और वहां का लजीज लोकल खाना, यह सब मिलकर इस त्योहार को यादगार बना देते हैं। यह प्रकृति और इंसान के जुड़ाव का एक ऐसा अनुभव है, जिसे आप कभी नहीं भूल पाएंगे।
इन जगहों पर दिखेंगे सबसे खूबसूरत नजारे
अगर आप एप्रिकोट ब्लॉसम के गुलाबी मंजर को करीब से देखना चाहते हैं, तो कारगिल की तरफ जरूर रुख करें। यहां के छोटे-छोटे गांव जैसे घारकोने, संजक और हरदास इस समय फूलों की चादर से पूरी तरह ढके होते हैं। लेह से कारगिल का रास्ता वैसे भी बहुत सुंदर है, लेकिन इन गांवों के शांत बागानों में बैठकर जो सुकून मिलता है, उसका अहसास ही कुछ और है। यहां की हरियाली और फूलों देखकर आपकी आंखें ठहर जाएंगी।
ट्रिप कैसे प्लान करें?
अगर आप दिल्ली या इसके आसपास रहते हैं, तो सबसे आसान तरीका है दिल्ली से लेह की सीधी फ्लाइट लेना। सिर्फ सवा घंटे की उड़ान के बाद आप सीधा बर्फ की चोटियों और गुलाबी वादियों के बीच लैंड करेंगे। वैसे अप्रैल में श्रीनगर वाला रास्ता भी खुल जाता है, तो अगर आपके पास थोड़ा ज्यादा वक्त है और आपको एडवेंचर पसंद है, तो आप सड़क के रास्ते कारगिल होते हुए भी जा सकते हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह की फ्लाइट आपको दोपहर तक लद्दाख की ताजी हवा में पहुंचा देगी।
कुछ जरूरी जानकारी
लद्दाख की ट्रिप जितनी रोमांचक होती है, उतनी ही तैयारी की भी मांग करती है। सबसे जरूरी बात यह है कि कुछ अंदरूनी इलाकों में जाने के लिए इनर लाइन परमिट की जरूरत होती है, जो लेह पहुंचकर आसानी से बन जाता है। कनेक्टिविटी का ध्यान रखें क्योंकि वहां केवल पोस्टपेड सिम ही काम करते हैं। साथ ही, अपने पास हमेशा पर्याप्त कैश रखें क्योंकि नेटवर्क की वजह से ऑनलाइन पेमेंट में दिक्कत आ सकती है। अपनी सेहत का ख्याल रखने के लिए खूब पानी पिएं ताकि आपकी बॉडी वहां के ऊंचे माहौल के हिसाब से खुद को ढाल सके।
क्या साथ ले जाएं?
देश के दूसरे हिस्सों में भले ही गर्मी शुरू हो गई हो, लेकिन लद्दाख में अप्रैल में भी अच्छी-खासी ठंड रहती है। दिन में तो धूप काफी तेज और चुभने वाली होती है, पर सूरज ढलते ही पारा तेजी से गिर जाता है। इसलिए अपने बैग में भारी जैकेट, थर्मल वेयर, ऊनी टोपी और दस्ताने जरूर रखें। वहां की तेज धूप से स्किन बचाने के लिए अच्छा सनस्क्रीन, लिप बाम और मॉइस्चराइजर रखना न भूलें। कपड़ों को हमेशा लेयर्स (परतों) में पहनें ताकि मौसम के हिसाब से आप उन्हें एडजस्ट कर सकें।


