सवाई माधोपुर : ईद की खरीददारी करने जा रहे मुस्लिम परिवार की कार बनी आग का गोला, ऐसे बची सभी की जान

सवाई माधोपुर : ईद की खरीददारी करने जा रहे मुस्लिम परिवार की कार बनी आग का गोला, ऐसे बची सभी की जान

सवाई माधोपुर। जिले के छाण क्षेत्र में टोंक चिरगांव राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 552 पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। घटना जतिधाम से आगे पुलिया के घुमाव के पास हुई, जहां जैतपुर गांव से सवाई माधोपुर की ओर जा रही एक क्विड कार में अचानक वायरिंग से धुआं उठने लगा।

कार चालक इन्कलाब खान पुत्र रफीक खान, निवासी जैतपुर, ने बताया कि वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ ईद के त्योहार की खरीदारी के लिए सवाई माधोपुर जा रहे थे। रास्ते में अचानक गाड़ी के आगे के हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति भांपते ही उन्होंने तुरंत कार रोकी और परिवार को नीचे उतार दिया।

देखते ही देखते आग का गोला बनी कार

इसके बाद उन्होंने आग की शुरुआती चिंगारियों पर मिट्टी डालकर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं और कार आग का गोला बन गई। खतरा बढ़ता देख परिवार ने वहां से दूर हटकर अपनी जान बचाई।

कार में सवार था परिवार

हादसे के दौरान कार में चालक सहित उसकी पत्नी और तीनों बच्चे सवार थे। चालक की सतर्कता और सूझबूझ के कारण सभी सुरक्षित बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई।

शार्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने यातायात को सुचारु करवाया। शहर पुलिस चौकी प्रभारी हरिलाल बैरवा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वायरिंग में शॉर्ट-सर्किट सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *