डिंडौरी जिले की बजाग जनपद पंचायत के पकरी टोला में पानी की किल्लत दूर करने के लिए सरपंच ने एक पहल की है। गांव में नल-जल योजना होने के बाद भी लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा था, ऐसे में सरपंच ज्ञान सिंह मरावी ने एक पुराने खराब हैंडपंप को चालू करवाकर समस्या का हल निकाल लिया है। अंगई ग्राम पंचायत के पकरी टोला में करीब 250 परिवार रहते हैं। गांव में नल तो लगे हैं, लेकिन पानी का प्रेशर इतना कम है कि लोगों तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा था। इसके अलावा मोहल्ले के दो हैंडपंपों का वाटर लेवल गिर गया था और एक हैंडपंप सालों से खराब पड़ा था। खराब हैंडपंप में डलवाई मोटर गर्मियों की आहट और पानी के संकट को देखते हुए सरपंच ने सालों से बंद पड़े हैंडपंप की सफाई करवाई। जब पता चला कि उसमें पानी है, तो तुरंत एक हॉर्सपावर की मोटर डलवा दी। अब इस हैंडपंप से गांव वालों और मवेशियों को साफ पानी मिलने लगा है। पंचायत में पास हुआ प्रस्ताव सरपंच ने बताया कि इस काम के लिए पंचायत में बाकायदा प्रस्ताव भी पास कराया गया है, ताकि आगे भी गांव वालों को पानी के लिए भटकना न पड़े। सरपंच की इस कोशिश से गांव के लोग काफी खुश हैं।


