सर्पमित्र तो बस मुखौटा… गांजा रैकेट का सरगना निकला आकाश जाधव, यूट्यूब पर है 56 लाख सब्सक्राइबर

सर्पमित्र तो बस मुखौटा… गांजा रैकेट का सरगना निकला आकाश जाधव, यूट्यूब पर है 56 लाख सब्सक्राइबर

सोशल मीडिया पर सर्पमित्र और पर्यावरण प्रेमी के रूप में पहचाने जाने वाले महाराष्ट्र के मशहूर यूट्यूबर आकाश जाधव (Sarpmitra Akash Jadhav) का असली चेहरा सामने आया है। पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई में आकाश को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद उसे मंगलवार रात महाराष्ट्र के अहिल्यानगर थाने लाया गया। बुधवार को अदालत में पेशी के बाद न्यायालय ने उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

एम्बुलेंस और ट्रक में ओडिशा से गांजा की तस्करी

कोतवाली पुलिस द्वारा दर्ज गंभीर मामले के अनुसार, आकाश जाधव सर्पमित्र के मुखौटे के पीछे नशे का काला कारोबार चला रहा था। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि जाधव ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा खरीदता था और उसे मध्य प्रदेश और नागपुर के रास्ते अहिल्यानगर लाता था। पुलिस को चकमा देने के लिए वह ट्रक के अलावा एम्बुलेंस का इस्तेमाल भी करता था।

8 महीने से फरार था जाधव

यह पूरा रैकेट तब उजागर हुआ जब पिछले साल 20 जून को केडगाव बायपास पर पुलिस ने छापा मारकर जाधव के 12 सहयोगियों को रंगेहाथों पकड़ लिया था। उस समय जाधव पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया था। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार छत्तीसगढ़ पुलिस ने उसे धर दबोचा और कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।

कई राज्यों में फैला नेटवर्क

जाधव के नेटवर्क में गांजा की थोक बिक्री, परिवहन और आपूर्ति करने वाले कई लोग शामिल हैं। छानबीन में सामने आया है कि गांजा की खरीद-फरोख्त के लिए ऑनलाइन पैसों का बड़ा लेन-देन हुआ है। पुलिस ने इन आर्थिक लेनदेन से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिससे जाधव का पूरा नेटवर्क ध्वस्त हो गया है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इसके अंतरराज्यीय कनेक्शन और अन्य साजिशों का पर्दाफाश किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *